Nawada News : (कुमार मनीष देव) नवादा जिले के रजौली में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अस्पताल रोड स्थित सैनिक कैंटीन में खरीदारी करने पहुंचे सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर का बैग लेकर दो चोर फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है.
कैंटीन में ग्राहक बनकर पहुंचा चोर
जानकारी के अनुसार धुरगांव निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर नरेश यादव शुक्रवार को घरेलू सामान खरीदने सैनिक कैंटीन पहुंचे थे. उसी दौरान एक अज्ञात युवक भी कैंटीन में पहुंचा. जब कैंटीन मैनेजर सुमन कुमार ने उससे पूछताछ की तो उसने कहा कि उसकी मां भी पीछे से आ रही है. इसके बाद मैनेजर अन्य ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त हो गया.
मौका मिलते ही बैग लेकर भागा चोर
इसी बीच चोर ने काउंटर के पास रखा बैग उठाया और तेजी से नीचे उतर गया. नीचे पहले से उसका साथी बाइक स्टार्ट कर तैयार खड़ा था. दोनों चोर कुछ ही सेकंड में बाइक से फरार हो गए. पूरी वारदात कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
बैग में था मोबाइल, एटीएम और जरूरी कागजात
पीड़ित नरेश यादव ने बताया कि चोरी गए बैग में पांच हजार रुपए नगद, सब्जी, गैस पासबुक, तीन एटीएम कार्ड और एक स्मार्टफोन था. हालांकि उन्होंने एसबीआई और पीएनबी एटीएम से निकाले गए 50 हजार रुपए अलग पैकेट में रख लिए थे, जिससे बड़ी रकम चोरी होने से बच गई.
साप्ताहिक हाट में बढ़ रही चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि रजौली में प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट में चोरी और छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोर आसानी से फरार हो जाते हैं. कई बार पकड़े जाने पर भी खुद को असहाय बताकर कार्रवाई से बच निकलते हैं.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने रजौली थाना में लिखित आवेदन दिया है. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत Kumar ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
