Nawada news : नवादा नगर (बबलू कुमार की रिपोर्ट). मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, जिले सहित राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, गर्मी का असर पूरी तरह बरकरार रहेगा और लोगों को उमस व तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 18 जून को नवादा का अधिकतम तापमान 41.09 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की गयी है. तापमान ऊंचा रहने के बावजूद फिलहाल जिले में उष्ण लहर (हीट वेव) को लेकर कोई आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं की गयी है.
हीट वेव की स्थिति सामान्य, फिर भी बरतें सावधानी
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 18 जून को हीट वेव की स्थिति सामान्य रहेगी. इसके बावजूद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है.
गर्मी का प्रभाव लगातार बना रहेगा
मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार का कहना है कि तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने से गर्मी का प्रभाव लगातार बना रहेगा, लेकिन फिलहाल भीषण लू चलने की आशंका नहीं है. ऐसे में आम लोगों को सतर्क रहते हुए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सख्त आवश्यकता है.
