Nawada News: (अनिल कुमार) नवादा जिले में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एवं प्रदेश दवा विक्रेता संघ के आह्वान पर 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी बंद का समर्थन अकबरपुर दवा संघ ने भी किया है.
जन स्वास्थ्य पर खतरे का आरोप
संघ के प्रतिनिधि विक्रम बरनवाल ने बताया कि ई-फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव से जन स्वास्थ्य और रोगी सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उनका कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री के माध्यम से फर्जी और असत्यापित पर्चों पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नशीली दवाओं और एंटीबायोटिक्स तक लोगों की आसान पहुंच बन गई है.
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट और मरीज के बीच आवश्यक संवाद समाप्त होता जा रहा है, जिससे गलत दवा, नकली अथवा अशुद्ध दवाओं के इस्तेमाल का खतरा बढ़ गया है.
छोटे दवा दुकानदारों पर संकट
दवा विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि बड़े कॉर्पोरेट घराने भारी छूट देकर बाजार व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे छोटे दवा दुकानदारों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। संघ के अनुसार इसका असर देशभर में करोड़ों लोगों की आजीविका पर पड़ सकता है.
केंद्र सरकार से की मांग
संघ ने केंद्र सरकार से अधिसूचना GSR 220(E) एवं GSR 817(E) को तत्काल वापस लेने तथा अवैध ई-फार्मेसी पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की है.
विक्रम बरनवाल ने कहा कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं, बल्कि रोगी की सुरक्षा से जुड़ा विषय है. उन्होंने कहा कि सही दवा सही मरीज तक सही डॉक्टर और फार्मासिस्ट के माध्यम से पहुंचे, इसके लिए नियमबद्ध व्यवस्था जरूरी है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि देश की दवा वितरण व्यवस्था कमजोर हुई तो इसका सबसे बड़ा नुकसान मरीजों को उठाना पड़ेगा.
Also Read: नवादा में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में
