Nawada News: रजौली में जीविका कार्यालय से लाखों की चोरी, सात सिलाई मशीन समेत कई सामान ले उड़े चोर

Nawada News: नवादा के राजौली में छत के रास्ते कार्यालय में घुसे बदमाश, डेढ़ लाख से अधिक की समान चोरी होने की आशंका


Nawada News: (कुमार मनीष देव) नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के एनएच-20 किनारे पल्लू सिंह के होटल के समीप स्थित जीविका कार्यालय में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने कार्यालय से सात सिलाई मशीन समेत कई जरूरी सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे तब हुई, जब जीविका दीदियां काम करने कार्यालय पहुंचीं.

पंचांग जीविका महिला विकास स्वाबलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, जोगियामारण की एलबीके प्रतिमा कुमारी ने बताया कि 24 जीविका दीदियां किराए के भवन में सिलाई प्रशिक्षण और कपड़ा सिलाई का कार्य करती हैं. सभी दीदियों के लिए अलग-अलग सिलाई मशीन उपलब्ध थी। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे रोज की तरह कार्यालय बंद कर सभी घर चली गई थीं.

छत के रास्ते अंदर घुसे चोर

मंगलवार सुबह कार्यालय खुलने पर अंदर का नजारा देख सभी हैरान रह गईं. जांच करने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते सीढ़ी से भवन में दाखिल हुए. सीढ़ी के दरवाजे पर लगी जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। इसके बाद चोरों ने सोलर प्लेट में लगे तार की मदद से सामान नीचे खेत में उतारा और फरार हो गए.

सात मशीन, कुर्सी, पंखा और कपड़े भी गायब

चोरी गए सामानों में पैर से चलने वाली चार सिलाई मशीन, तीन इलेक्ट्रिक काज मशीन, आठ कुर्सियां, आठ कैंची, एक दीवार घड़ी, एक पानी का जार, तीन एलईडी बल्ब, एक सीलिंग फैन तथा अलमारी में रखे कपड़े शामिल हैं. जीविका दीदियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी होने की बात कही है.

मकान मालिक भी घटना से हैरान

मकान मालिक उदय सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से जीविका दीदियां भवन में सिलाई कार्य कर रही हैं और आज तक किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि हवा आने-जाने के लिए सीढ़ी के दरवाजे पर जाली लगाई गई थी, लेकिन अब सुरक्षा को देखते हुए वहां लोहे की चादर लगाई जाएगी.

थाने में दी जाएगी लिखित शिकायत

घटना के बाद जीविका दीदियों अजय लक्ष्मी, लीला देवी, चम्पा देवी, सुलेखा देवी, सोनी देवी, सरोज देवी और कालो देवी ने बताया कि मामले की सूचना जीविका के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही रजौली थाना में लिखित आवेदन दिया जाएगा.

इधर, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: नवादा में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 6 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >