लोहे के रॉड व धारदार हथियार से हमला प्रतिनिधि, गोविंदपुर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई. घटना में एक महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर में कराया गया. बताया जाता है कि प्रमिला देवी अपनी निजी जमीन, खाता नंबर 447 एवं प्लॉट नंबर 1130 पर घर निर्माण का कार्य करा रही थीं. इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि हमलावरों ने लोहे के रॉड व धारदार हथियार से हमला कर दिया. मारपीट में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं तथा उनका हाथ टूट गया. वहीं उनके पुत्र ऋतिक कुमार का सिर फट गया और वह बेहोश हो गया. परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उसे होश में लाकर अस्पताल पहुंचाया गया. इसके अलावा सौरभ कुमार व रोहित कुमार भी गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं. पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके कान का जेवर भी छीन लिया गया तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गयी. आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. इस घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. पीड़िता की ओर से गोविंदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
जमीन विवाद में जमकर मारपीट, महिला समेत कई घायल
लोहे के रॉड व धारदार हथियार से हमला
