अच्छी बारिश से नवादा में धान रोपनी ने पकड़ी रफ्तार, किसानों के खिले चेहरे

नवादा जिले में सक्रिय मानसून के चलते अच्छी बारिश हो रही है, जिससे धान की रोपनी में तेजी आई है. जिला कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 12.06% रोपनी पूरी हो चुकी है. किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है.

Nawada News : मानसून के सक्रिय होने के बाद नवादा जिले में अच्छी बारिश का दौर जारी है. जिला कृषि विभाग की 24 जुलाई 2026 तक की वर्षापात रिपोर्ट के अनुसार जुलाई माह में जिले के 14 प्रखंडों में कुल 1,865 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. लगातार हो रही बारिश से धान की रोपनी में तेजी आई है और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है.

रजौली में सबसे अधिक, काशीचक में सबसे बेहतर रोपनी

रिपोर्ट के अनुसार रजौली प्रखंड में सबसे अधिक 207.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके बाद पकरीबरावां में 195.0 मिमी, कौआकोल में 155.4 मिमी, रोह में 151.8 मिमी, नवादा सदर में 137.4 मिमी और वारिसलीगंज में 131.4 मिमी बारिश हुई. वहीं गोविंदपुर, हिसुआ, अकबरपुर, मेसकौर, नरहट, काशीचक, नारदीगंज और सिरदला में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई.

12.06 प्रतिशत लक्ष्य के विरुद्ध पूरी हुई धान की रोपनी

जिला कृषि कार्यालय के अनुसार जिले में 90,124.15 हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले अब तक 10,864.57 हेक्टेयर भूमि में धान की रोपनी पूरी हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 12.06 प्रतिशत है. विभाग को उम्मीद है कि आगामी दिनों में बारिश जारी रहने पर रोपनी का प्रतिशत तेजी से बढ़ेगा.

नवादा अनुमंडल आगे, मेसकौर सबसे पीछे

नवादा अनुमंडल में 46,544.20 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 6,472.70 हेक्टेयर में रोपनी कर 13.91 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है. वहीं रजौली अनुमंडल में 43,579.95 हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले 4,391.87 हेक्टेयर में रोपनी हुई है, जो 10.08 प्रतिशत है.

प्रखंडवार प्रगति में काशीचक 34.35 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे है. इसके बाद अकबरपुर (24.90 प्रतिशत), नारदीगंज (19.31 प्रतिशत), वारिसलीगंज (16.28 प्रतिशत), नवादा सदर (13.25 प्रतिशत) और पकरीबरावां (12.33 प्रतिशत) का स्थान है. वहीं मेसकौर में सबसे कम 1.47 प्रतिशत रोपनी दर्ज की गई है.

कृषि विभाग ने किसानों को दी सलाह

कृषि विभाग ने किसानों से मौसम का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द धान की रोपनी पूरी करने की अपील की है. साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से अतिरिक्त पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी है, ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे. विभाग का मानना है कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो अगले सप्ताह तक जिले में धान रोपनी का प्रतिशत काफी बढ़ जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bablu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >