Nawada Crime News : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में एक 14 वर्षीया नाबालिग बच्ची के साथ घर में घुसकर बदसलूकी और छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है. घटना बीते 16 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे की है, जब पीड़िता अपने घर में अकेली खाना बना रही थी.
उसकी मां हजारीबाग गई हुई थी और पिता पेशे से टेम्पो चालक होने के कारण सुबह ही काम पर निकल गए थे. इसी का फायदा उठाकर कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के चौधरीडीह निवासी घुटरा यादव के 26 वर्षीय शशि यादव उर्फ पकड़ी चाकू मांगने के बहाने घर के अंदर दाखिल हुआ.
जब बच्ची ने चाकू होने से इनकार किया, तो आरोपी बाहर जाकर दोबारा अंदर घुसा और जबरन उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा. आरोपी ने नाबालिग बच्ची के साथ मारपीट व अश्लील हरकतें करते हुए उसे धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वह उसके पिता को गोली मार देगा.
आरोपी ने यह भी धौंस जमाई कि वह केस लड़ने के लिए 50 हजार रुपये अलग से रखता है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता. हालांकि, हिम्मत दिखाते हुए नाबालिग बच्ची ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया और आरोपी को धक्का देकर किसी तरह जान बचाकर बाहर भागी.
पिता को फोन पर मिली सूचना
घटना के समय पड़ोस के एक युवक ने पीड़िता के पिता को फोन कर बच्ची के रोने की सूचना दी, जिसके बाद पिता तुरंत सवारी छोड़कर घर पहुंचे. डरी-सहमी नाबालिग ने रोते हुए अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई.
थाने में दिया आवेदन और पुलिस की कार्रवाई
इसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ रजौली थाने पहुंची और आरोपी शशि यादव के खिलाफ नामजद लिखित आवेदन देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. रजौली थाना की महिला हेल्प डेस्क प्रभारी एसआई स्नेहा कुमारी ने पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों से घटना के संदर्भ में विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
वहीं, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार से आवेदन प्राप्त हो गया है और पीड़ित द्वारा शशि यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस इस मामले में अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है.
