वर्षों बाद बना तीज-गणेश चतुर्थी का शुभ संयोग, नवादा के बाजारों में चहल-पहल तेज, सोलह शृंगार से गणेश की प्रतिमाओं बढ़ी खरीदारी

Teej-Ganesh Chaturthi : हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी का दुर्लभ संयोग नवादा के बाजारों में उत्सव का माहौल बना रहा है. सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार की खरीदारी में जुटी हैं, वहीं गणेश चतुर्थी के लिए पूजा सामग्री और प्रतिमाओं की मांग बढ़ी है. इस खास संयोग पर खरीदारी का विशेष महत्व है.

Teej-Ganesh Chaturthi : हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी के एक साथ पड़ने से नवादा शहर के बाजारों में पर्व का रंग चढ़ने लगा है. वर्षों बाद ऐसा संयोग बना है, जब 14 सितंबर को हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी एक ही दिन मनाई जाएगी. पर्व को लेकर प्रजातंत्र चौक, मेन रोड, पुरानी बाजार और पुरानी कचहरी रोड में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है. खासकर सुहागिन महिलाएं तीज की खरीदारी को लेकर उत्साहित हैं.

कपड़ों और आभूषणों से लेकर चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और सोलह शृंगार की अन्य सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है. वहीं गणेश चतुर्थी को लेकर पूजा सामग्री और गणेश प्रतिमाओं की मांग भी बढ़ गई है.

आज नहाय-खाय, कल रखेंगी निर्जला व्रत

हरतालिका तीज को लेकर सुहागिन महिलाएं शनिवार को नहाय-खाय के साथ व्रत की तैयारी शुरू करेंगी. इसके बाद 14 सितंबर को पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी.

मेहंदी लगवाती सुहागिन महिलाएं

महिलाएं तीज के दिन माता गौरी और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ गणेश जी का भी पूजन करेंगी. इसे लेकर नये वस्त्र, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी, आभूषण और अन्य शृंगार सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है.

कपड़े और मेहंदी की दुकानों पर बढ़ी भीड़

शहर के प्रमुख कपड़ा प्रतिष्ठानों एसएमएस मॉल और राजघराना मेगा मार्ट में तीज की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है. महिलाएं अपनी पसंद की साड़ी, सूट और अन्य परिधानों की खरीदारी कर रही हैं.

वहीं शृंगार की दुकानों पर सोलह शृंगार की सामग्री खरीदने के लिए भी महिलाएं पहुंच रही हैं. इस बार मेहंदी की मांग भी बढ़ी है. मेहंदी लगाने वाले कारीगरों की बुकिंग पहले से शुरू हो गयी है. कई महिलाओं ने तीज के दिन मेहंदी लगवाने के लिए कारीगरों को पहले ही बुक कर लिया है.

-सृंगार की सामग्री की खरीदारी करती महिलाएं

गणेश प्रतिमाओं और पूजा सामग्री की मांग

तीज के साथ गणेश चतुर्थी पड़ने से बाजार में पूजा सामग्री की मांग भी बढ़ गयी है. स्थानीय कारीगरों और मूर्तिकारों के यहां मिट्टी तथा इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

घर और पूजा पंडालों की सजावट के लिए रंग-बिरंगी झालर, आर्टिफिशियल फूल, एलईडी लाइट और तोरण की बिक्री भी बढ़ी है. रोली, अक्षत, धूप, कपूर, मोदक सामग्री, सूखे मेवे और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर भी खरीदार पहुंच रहे हैं. मिष्ठान दुकानदारों ने गणेश जी के प्रिय मोदक और लड्डू की तैयारी शुरू कर दी है.

तृतीया-चतुर्थी का संयोग खास

ज्योतिषाचार्य विद्धाधर पांडेय के अनुसार, भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भगवान गणेश का प्राकट्य हुआ था. इस वर्ष चतुर्थी तिथि 14 सितंबर को सुबह 7:06 बजे से शुरू होकर 15 सितंबर की सुबह 7:44 बजे तक रहेगी.

सागरमल में कपड़े की खरीदारी करती महिलाएं

गणेश स्थापना और पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक रहेगा. तृतीया और चतुर्थी के संयोग के कारण इस बार पर्व का धार्मिक महत्व बढ़ गया है. शास्त्रों के अनुसार तृतीया तिथि शिवजी और चतुर्थी भगवान गणेश को समर्पित है. ऐसे में इस दिन शिव-गणपति का एक साथ आवाहन विशेष फलदायी माना जाता है.

बाजारों में दिख रही पर्व की रौनक

एक ओर सुहागिन महिलाएं तीज के लिए सोलह शृंगार और मेहंदी की तैयारी में जुटी हैं, तो दूसरी ओर गणेशोत्सव को लेकर घरों और पंडालों में तैयारियां तेज हो गयी हैं. दोनों पर्व एक ही दिन पड़ने से नवादा के बाजारों में खरीदारी बढ़ गयी है.

प्रजातंत्र चौक से लेकर मेन रोड, पुरानी बाजार और पुरानी कचहरी रोड तक पर्व की खरीदारी का असर दिखाई दे रहा है. दुकानदारों को भी इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >