Death Due to Lightning Strike : नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव में शुक्रवार को ठनका गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में तीन किसान और एक 10 वर्षीय बच्चा शामिल है. वहीं दो महिलाएं भी गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए नारदीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
अचानक तेज बारिश के साथ गर्जन शुरू,
जानकारी के अनुसार सभी लोग खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए सभी पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए. तभी अचानक तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा.इसी दौरान पेड़ के पीछे छिपे लोग इसकी चपेट में आ गए. चपेट में आने से एक बच्चा समेत चार लोगों की जान चली गयी, जबकि दो महिलाएं झुलस गयी. लोगों ने घालयों को नारदीगंज पीएचसी पहुंचाया, जहां इनका इलाज किया जा रहा है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी. एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे सांगोवर गांव में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
Also Read : नवादा में छात्र आंदोलन को लेकर हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने शहर में निकाला फ्लैग मार्च
