Bhagat Singh Chowk: नगर परिषद क्षेत्र के भगत सिंह चौक पर मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गापूजा की तैयारी शुरू कर दी गयी है. पूजा को लेकर बैठक आयोजित कर समिति का गठन किया गया. समिति में संरक्षक विकास कुमार खुल्लू, अध्यक्ष विनोद कुमार मुन्ना, उपाध्यक्ष मंटू कुमार, सचिव कृपाल पासवान, कोषाध्यक्ष मिथलेश कुमार, मेला प्रभारी रोहित पासवान समेत अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
1974 से लगातार हो रही मां दुर्गा की स्थापना
भगत सिंह चौक पर वर्ष 1974 में पहली बार सूरजदेव प्रसाद सिंह द्वारा मां दुर्गा की स्थापना की गयी थी. इसके बाद से लगातार यहां दुर्गापूजा का आयोजन होता आ रहा है. इस वर्ष पूजा आयोजन के 52 वर्ष पूरे हो रहे हैं. पूजा को लेकर मोहल्लेवासियों और समिति के सदस्यों में उत्साह है.
समिति की ओर से इस वर्ष मंदिरनुमा भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल और मंदिर परिसर के आसपास रंग-बिरंगी लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी. माता की प्रथम पूजा से नवमी पूजा तक प्रतिदिन शाम को प्रसाद वितरण की परंपरा रही है. इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.
पंडाल में लगेगा सीसीटीवी, सुरक्षा पर विशेष जोर
दुर्गापूजा के दौरान भगत सिंह चौक स्थित पूजा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पंडाल के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं.
मुख्य पुजारी बोले, पूरे विधि-विधान से होगी पूजा
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित विजय पाण्डेय ने बताया कि यहां पिछले 52 वर्षों से लगातार मां दुर्गा की पूजा की जा रही है. इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ पूजा आयोजित की जाएगी. साहिल उर्फ मंटू और उनकी पत्नी निशा कुमारी मुख्य यजमान के रूप में पूजा करेंगे.
नवरात्र के दौरान माता के दरबार में निरंतर पाठ के साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा. उन्होंने कहा कि माता का दरबार श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा.
नौ रूपों में दर्शन देंगी मां दुर्गा
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है. श्रद्धालुओं को माता के नौ रूपों के दर्शन कराने की विशेष व्यवस्था की जा रही है. प्रतिमा का निर्माण जिले के कारीगरों द्वारा किया जा रहा है.
लेजर लाइटिंग और भव्य सजावट रहेगा आकर्षण
इस बार पूजा पंडाल में लेजर लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी. समिति के अनुसार लेजर लाइटिंग शो और रंग-बिरंगी रोशनी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी. मंदिरनुमा पंडाल और प्रतिमा की सजावट को भी विशेष रूप दिया जा रहा है.
पूजा और अन्य मद में खर्च होंगे 8.50 लाख रुपये
मां दुर्गा की पूजा को लेकर मूर्ति निर्माण समेत अन्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. समिति के अनुसार इस वर्ष पूजन-पाठ और अन्य मद में करीब 8 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. इसमें मूर्ति निर्माण, पंडाल, सजावट, लाइटिंग, प्रसाद समेत अन्य कार्य शामिल हैं.
