Nawada Girl Aarti Kumari: बिहार की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर राज्य का गौरव बढ़ाया है. जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स (20th Asian Games 2026) के लिए भारतीय महिला रग्बी टीम (Indian Women Rugby Team) में बिहार की दो होनहार बेटियों का चयन किया गया है. इनमें नवादा जिले के वारिसलीगंज की आरती कुमारी और मुजफ्फरपुर की गुड़िया कुमारी शामिल हैं. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूची में दोनों खिलाड़ियों के नाम शामिल होने के बाद से बिहार के खेल प्रेमियों और दोनों जिलों में जबर्दस्त उत्साह और खुशी का माहौल है.
साधारण परिवार से निकलकर तय किया अंतरराष्ट्रीय सफर
रग्बी के तकनीकी पदाधिकारी संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि आरती कुमारी नवादा जिले के वारिसलीगंज स्थित पटेल नगर की रहने वाली हैं. एक अत्यंत साधारण परिवार से आने के बावजूद आरती ने सीमित संसाधनों के बीच कभी हौसला नहीं खोया. लगातार कड़े अभ्यास, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने रग्बी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई. खेल कोटे के तहत आरती का चयन बिहार पुलिस में दारोगा (SI) के पद पर हुआ था और अब एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करना उनके खेल जीवन का सबसे बड़ा मील का पत्थर बन गया है. नवादा जिले के खेल इतिहास में एशियन गेम्स तक पहुंचने वाली वे पहली खिलाड़ी बनी हैं.
भुवनेश्वर प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन के दम पर मिला टिकट
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन नवादा के सचिव विक्रम कुमार ने बताया कि आरती कुमारी का चयन भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है. आरती इससे पहले भी कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में अपनी आक्रामक खेल शैली और प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं. उनकी यह सफलता बिहार के ग्रामीण और छोटे शहरों के नवोदित खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा का स्रोत बन गई है.
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत दिग्गजों ने दी बधाई
आरती और गुड़िया के भारतीय टीम में शामिल होने पर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकरण, बिहार राज्य रग्बी एसोसिएशन के महासचिव पंकज कुमार ज्योति, नवादा रग्बी संगठन के महासचिव ए.के. गुरु, कीर्ति डिफेंस अकादमी के कोच कीर्ति रंजन और खेलो इंडिया मिनी सेंटर नवादा के कोच मनजीत कुमार ने खुशी जताई है. इसके अलावा चंदन कुमार, जूही कुमारी, रंजीत कुमार, सुनील कुमार, गुलशन बाबू, काजल और रितु सहित तमाम खिलाड़ियों व खेल संघों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए एशियन गेम्स में देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं.
Also Read: नवादा समाहरणालय में हुआ राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, नशामुक्ति को लेकर हुआ एमओयू
