Nawada News : नवादा शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर परिषद नवादा की एक महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक 31 जुलाई 2026 को आयोजित होने जा रही है. यह बैठक दोपहर 3 बजे नगर परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में होगी, जिसमें जिले के कई जनप्रतिनिधि और पार्षद शामिल होंगे. बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी संबंधित लोगों को आमंत्रण भेजा गया है.
कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से इस बैठक में भाग लेने के लिए सांसद, विधान परिषद सदस्य, स्थानीय विधायक, मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद और सभी वार्ड पार्षदों को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है. माना जा रहा है कि इस बैठक में शहर से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं.
सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर रहेगा खास फोकस
बैठक के एजेंडे में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा प्रस्तावित है. नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और इसे बेहतर बनाने के लिए ठोस योजना तैयार की जाएगी. साथ ही कचरा डंपिंग की मौजूदा व्यवस्था पर भी विचार होगा.
कचरा निस्तारण के लिए स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने पर भी चर्चा होगी. इसके तहत कचरा निस्तारण स्थल को लीज पर लेने या खरीदने जैसे विकल्पों पर विचार किया जाएगा. इसके अलावा बुधौल बस स्टैंड के लिए आवश्यक मानव बल की व्यवस्था को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है.
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव पर भी होगी चर्चा
बैठक में नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा-49 के तहत 29 वार्ड पार्षदों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. इनमें सबसे अहम प्रस्ताव नवादा रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 33/बी-1 पर स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का है.
इसके अलावा बुंदेलखंड रेलवे क्रॉसिंग और मिर्जापुर-गोसाई बीघा पथ रेलवे क्रॉसिंग पर नए रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने के मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा. इन परियोजनाओं को लेकर लंबे समय से मांग उठती रही है और अब इस बैठक में इस पर ठोस पहल की उम्मीद जताई जा रही है.
विकास कार्यों की गुणवत्ता जांच भी एजेंडे में शामिल
नगर परिषद की इस बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच का मुद्दा भी प्रमुखता से उठेगा. विभिन्न योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा.
नगर परिषद प्रशासन ने सभी आमंत्रित जनप्रतिनिधियों और पार्षदों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि यह बैठक शहर के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें लिए गए फैसलों का सीधा असर आम लोगों की सुविधाओं पर पड़ेगा.
