नवादा में लाइन पार मिर्जापुर दुर्गा पूजा के 61 साल: 7 लाख से सजेगा मंदिरनुमा भव्य पंडाल, 9 दिनों तक बंटेगा महाप्रसाद

नवादा के ऐतिहासिक लाइन पार मिर्जापुर में 61वां दुर्गा पूजा महोत्सव भव्य होने वाला है. 7 लाख के बजट से बन रहे मंदिरनुमा पंडाल में मां दुर्गा के नौ रूपों के दर्शन होंगे. 9 दिनों तक महाप्रसाद का लंगर भी चलेगा.

नवादा. शहर के ऐतिहासिक लाइन पार मिर्जापुर में मां दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष 61वें दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. 1964 में तत्कालीन पोस्ट मास्टर सूरज प्रसाद सिन्हा और स्थानीय मोहल्लेवासियों के सामूहिक प्रयास से शुरू हुई यह पूजा आज जिले की सबसे प्रतिष्ठित और आस्था से जुड़ी पूजाओं में शुमार है. समिति अपने गौरवमयी 60 वर्ष पूरे कर इस वर्ष 61वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है. पूजा को भव्य और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए नई पूजा संचालन समिति का गठन कर लिया गया है.

नई कमेटी का गठन, सरोज सिंह बने अध्यक्ष

पूजा स्थल के समीप आयोजित आम बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया. प्रो. महेश कुमार गुप्ता को समिति का मुख्य संरक्षक मनोनीत किया गया. वहीं, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सरोज सिंह को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता अनिल कुमार उर्फ गुल्लू को सचिव और अशोक चंद्रवंशी को कोषाध्यक्ष चुना गया. कार्यकारिणी सदस्यों में सुजीत कुमार उर्फ धोनी, नंदू कुमार, आनंद कुमार, रवि शर्मा, मंटू, विकास, भोलू, मोहित कुमार, निरंजन सिंह और सोनू शर्मा सहित कई ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है.

बंगाल के कारीगर बना रहे मंदिरनुमा भव्य पंडाल

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पंडाल का निर्माण ननौरा टेंट हाउस के माध्यम से पश्चिम बंगाल (कोलकाता) के कुशल कारीगरों द्वारा मंदिरनुमा भव्य स्वरूप में किया जा रहा है. पंडाल के भीतर माता के नौ रूपों के दर्शन होंगे. वहीं, कादिरगंज के प्रसिद्ध मूर्तिकार निर्दोष कुमार मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की सजीव व मनमोहक प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं. आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य तोरण द्वार और मंदिरनुमा पंडाल इस बार मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा.

बैठक में शामिल लोग.

सीसीटीवी कैमरों और वालंटियर्स से सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद

समिति के सचिव अधिवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि मेला और पूजा के दौरान महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार और मुख्य पहुंच मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग के अलावा समिति के दर्जनों प्रशिक्षित वालंटियर्स व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे, जिससे दर्शनार्थियों को कतारबद्ध दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

7 लाख का बजट, 9 दिनों तक चलेगा महाप्रसाद का लंगर

इस वर्ष पूजा आयोजन, भव्य पंडाल, मूर्ति और आधुनिक लाइटिंग पर कुल सात लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसमें 5.50 लाख रुपये पंडाल निर्माण और विद्युत सज्जा पर तथा करीब 1.50 से 2 लाख रुपये प्रतिमा निर्माण व अन्य धार्मिक अनुष्ठानों पर व्यय होंगे. पिछले 15 वर्षों की अनवरत परंपरा को निभाते हुए माता के अनन्य भक्त अशोक चंद्रवंशी के सौजन्य से इस बार भी नवरात्र के पूरे नौ दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच खीर-पूरी, मौसमी फल और हलवे का महाप्रसाद लंगर के रूप में वितरित किया जाएगा.

Also Read: नवादा: रजौली से अगवा ई-रिक्शा चालक झारखंड के जंगलों से सकुशल बरामद, 80 लाख की फिरौती मांगने वाला लाइनर गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >