नवादा: 26 जुलाई को सभी पंचायतों में मनाया जाएगा पंचायत विकास दिवस

कौआकोल प्रखंड की सभी पंचायतों में 26 जुलाई को पंचायत विकास दिवस मनाया जाएगा. इसमें मनरेगा के तहत विकास योजनाओं का चयन और रोजगार सृजन पर चर्चा की जाएगी.

Nawada News : नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड की सभी ग्राम पंचायतों में इस माह के अंतिम रविवार 26 जुलाई को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण वीबीजी-जीपी 2026) के तहत प्राथमिकता वाली विकास योजनाओं का चयन कर उन्हें विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी) में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

ग्रामीणों की भागीदारी से होगा योजनाओं का चयन

मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी मोहम्मद असलम हुसैन ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर सभी पंचायतों में बैठक आयोजित होगी, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. बैठक में रोजगार सृजन, सामुदायिक विकास और आजीविका को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर चयन कर उन्हें वीजीपीपी में शामिल किया जाएगा.

इन योजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता

उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर सामुदायिक उपयोग की सड़क, नाली, पुलिया, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, शौचालय, चहारदीवारी, खेल मैदान, ग्रामीण हाट-बाजार, जल संरक्षण, चेक डैम, ग्रामीण पार्क, तालाबों का जीर्णोद्धार, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई (डब्ल्यूपीयू), स्वयं सहायता समूहों के लिए वर्कशेड, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास केंद्र, सामुदायिक भवन तथा ग्रामीण पुस्तकालय जैसी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा व्यक्तिगत लाभुकों के लिए पशु शेड निर्माण जैसी योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा.

ग्रामीणों से बैठक में शामिल होने की अपील

कार्यक्रम पदाधिकारी मोहम्मद असलम हुसैन ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों की भागीदारी से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का चयन करना है, ताकि अधिक से अधिक रोजगार का सृजन हो और पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से पंचायत विकास दिवस की बैठक में भाग लेकर अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रस्ताव देने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dashrath mistri

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >