हिसुआ में बढ़े होल्डिंग टैक्स का विरोध तेज, प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से लगाई राहत दिलाने की गुहार

Nawada News : हिसुआ नगर पर्षद द्वारा बढ़ाए गए होल्डिंग टैक्स के विरोध में स्थानीय लोगों ने विधायक और कार्यपालक पदाधिकारी से इसे कम करने की मांग की है.

Nawada News : हिसुआ बाजार के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को स्थानीय विधायक अनिल सिंह से मुलाकात कर नगर परिषद द्वारा बढ़ाए गए होल्डिंग टैक्स को कम कराने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अपनी मांगों से संबंधित एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा. इस पर विधायक ने मामले में पहल करने का भरोसा दिलाया.

कार्यपालक पदाधिकारी से की पूर्व टैक्स लागू करने की अनुशंसा

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक अनिल सिंह ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अतीश रंजन से दूरभाष पर बात की. उन्होंने पूर्व में निर्धारित होल्डिंग टैक्स को ही लागू रखने की अनुशंसा की तथा इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा.

बढ़े टैक्स पर लोगों ने जताई नाराजगी

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि चालू वित्तीय वर्ष में नगर परिषद ने होल्डिंग टैक्स में कई गुना वृद्धि कर दी है. मुख्य सड़क, सहायक सड़क तथा अन्य मार्गों और गलियों की श्रेणी बदलकर मनमाने तरीके से टैक्स बढ़ा दिया गया है. लोगों का आरोप है कि इस निर्णय को नगर परिषद की बोर्ड बैठक से पारित कराए बिना ही लागू कर दिया गया, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

आसपास के नगर परिषदों की तर्ज पर टैक्स तय करने की मांग

पूर्व भाजपा प्रवक्ता एवं वार्ड पार्षद पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि स्थानीय लोग नालंदा, गया, जहानाबाद सहित आसपास के नगर परिषदों का उदाहरण देते हुए हिसुआ में भी समान और व्यावहारिक होल्डिंग टैक्स लागू करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अन्य नगर परिषदों की तुलना में हिसुआ में अधिक टैक्स वसूला जा रहा है.

बोर्ड बैठक बुलाने का दिया गया निर्देश

विधायक ने कार्यपालक पदाधिकारी को नगर परिषद की बोर्ड बैठक बुलाकर होल्डिंग टैक्स का पुनर्निर्धारण कराने का निर्देश दिया. विधायक से मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद कार्यालय पहुंचा और कार्यपालक पदाधिकारी अतीश रंजन से भी मुलाकात कर पूर्व निर्धारित टैक्स ही वसूलने की मांग दोहराई.

बोर्ड के फैसले पर टिकी लोगों की उम्मीद

फिलहाल लोगों को विधायक के आश्वासन से राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन अंतिम निर्णय नगर परिषद की बोर्ड बैठक पर निर्भर करेगा. अब यह देखना होगा कि बोर्ड आम नागरिकों को राहत देने के पक्ष में फैसला लेता है या बढ़े हुए टैक्स को ही बरकरार रखता है. उल्लेखनीय है कि नए होल्डिंग टैक्स की वसूली शुरू होने के बाद से लगातार स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं.

प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल

विधायक से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व भाजपा प्रवक्ता एवं वार्ड पार्षद पवन कुमार गुप्ता, अशोक उर्फ बिल्टू चौधरी, जितेंद्र कुमार सहित अन्य स्थानीय नागरिक शामिल थे.

Also Read : शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >