नवादा में ऑपरेशन के 12 घंटे बाद महिला की मौत पर हंगामा, अस्पताल प्रबंधक ने 200 लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी

Nawada News : नवादा के मेट्रो हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई. अस्पताल प्रबंधक ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जानें पूरा मामला.

Nawada News : सद्भावना चौक स्थित बिजली कार्यालय के समीप संचालित मेट्रो हॉस्पिटल में ऑपरेशन के करीब 12 घंटे बाद महिला की मौत के बाद हुए हंगामे के मामले में अस्पताल प्रबंधन ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. अस्पताल प्रबंधक सत्यपाल प्रसाद ने मृतका के पति लालजीत चौहान समेत कई नामजद और करीब 100-200 अज्ञात लोगों पर अस्पताल में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और धमकी देने का आरोप लगाया है. वहीं, महिला के परिजनों की ओर से इलाज में लापरवाही और आयुष्मान कार्ड के बावजूद रुपये लेने जैसे आरोप लगाये गये थे, लेकिन इन आरोपों को लेकर अब तक थाना या स्वास्थ्य विभाग को कोई आवेदन नहीं दिया गया है.

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से लैस होकर पहुंचने का आरोप

अस्पताल प्रबंधक की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 23 अगस्त की शाम करीब छह बजे लालजीत चौहान अपने परिजनों और बड़ी संख्या में लोगों के साथ अस्पताल पहुंचे. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि भीड़ में शामिल कुछ लोग लाठी, लोहे की रॉड और डंडे से लैस थे. लालजीत चौहान पर हथियार रखने का भी आरोप लगाया गया है. प्राथमिकी में कहा गया है कि लोगों ने अस्पताल में भर्ती गीता देवी के साथ मारपीट की और उनकी चल रही चिकित्सा व्यवस्था में भी बाधा पहुंचायी.

सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और 5 लाख रुपये ले जाने का आरोप

अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दिये आवेदन में कर्मचारियों के साथ मारपीट करने, सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है. आवेदन में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का दावा किया गया है. साथ ही काउंटर में रखे करीब पांच लाख रुपये ले जाने का भी आरोप लगाया गया है. प्रबंधक ने घटना के दौरान खुद और अपने परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिये जाने का भी आरोप लगाया है.

22 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुई थी गीता देवी

प्रबंधक के आवेदन के मुताबिक, गीता देवी को 22 अगस्त को अस्पताल लाया गया था. अस्पताल के सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यक समझे जाने पर परिजनों की सहमति से 23 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उनका ऑपरेशन किया था. आवेदन में दावा किया गया है कि ऑपरेशन सफल रहा और इसके बाद मरीज को अस्पताल में भर्ती रखा गया था.

शाम तक परिजनों से बातचीत कर रही थी महिला

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शाम करीब पांच बजे तक गीता देवी अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर रही थीं. प्रबंधक के मुताबिक, शाम में ऑपरेशन के बाद पत्नी के साथ उनके पति की कहासुनी भी हुई थी. इसके बाद महिला की मौत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है. अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच की मांग की है.

अस्पताल प्रबंधक सत्यपाल प्रसाद

मौत के बाद परिजनों ने लगाया था इलाज में लापरवाही का आरोप

महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही, कथित दुर्व्यवहार और आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद रुपये लेने का आरोप लगाया था. मृतका के परिजनों ने थाना में आवेदन देकर इलाज से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

स्वास्थ्य विभाग की टीम से करायी जाएगी जांच

सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मृतका के परिवार की ओर से फर्द बयान और आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसे वरीय अधिकारियों को भेजा गया है. मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य टीम गठित करने की प्रक्रिया चल रही है. चिकित्सकीय पहलू की जांच के लिए सिविल सर्जन को भी अवगत कराया गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे प्राथमिकी की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधक की ओर से भी नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

सात नाबालिग समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया गया था

नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. हिरासत में लिये गये सभी सात नाबालिगों को नोटिस देकर बंधपत्र पर मुक्त कर दिया गया. वहीं, तीन लोगों को बीएनएसएस की धारा 35 के तहत नोटिस देकर मुक्त किया गया है. पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है.

Also Read : 'हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार', छात्रों के आंदोलन के बीच ये क्या बोल गए अधिकारी, तेजस्वी भड़के



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >