Nawada News : नवादा जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है. नवस्थापित केंद्रीय विद्यालय, नवादा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 5 तक नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू होगी. इच्छुक अभिभावक 27 जुलाई तक ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पंजीकरण प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा. आवेदन प्रपत्र विद्यालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं. इसके अलावा अभिभावक पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय में जमा कर सकते हैं.
आयु सीमा और आरक्षण के नियम निर्धारित, 27 तक करें आवेदन
प्राचार्य ने बताया कि कक्षा 1 में प्रवेश के लिए 31 मार्च 2026 को न्यूनतम आयु छह वर्ष तथा अधिकतम आठ वर्ष से कम होनी चाहिए. अन्य कक्षाओं के लिए भी केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्धारित आयु मानदंड लागू होंगे. उन्होंने बताया कि सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रवेश दिशानिर्देश 2026-27 के अनुसार किया जाएगा.
गलत जानकारी देने पर आवेदन होगा रद्द
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केवल आवेदन जमा करने से प्रवेश सुनिश्चित नहीं होगा. आवेदन पत्र में गलत या भ्रामक जानकारी मिलने पर किसी भी स्तर पर आवेदन अथवा प्रवेश रद्द किया जा सकता है.
नामांकन के दौरान ये दस्तावेज जरूरी
नामांकन के समय जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो, जाति एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो), सेवा प्रमाण-पत्र, वेतन पर्ची, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र तथा दिव्यांग बच्चों के लिए संबंधित प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा. विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय पहुंचने की अपील की है.
