गोविंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में सकरी नदी किनारे स्थापित 50 हजार गैलन क्षमता वाली जलमीनार में सोमवार को नया मोटर लगाया गया मोटर खराब होने के कारण बीते एक सप्ताह से जलापूर्ति व्यवस्था ठप थी, जिससे पंचायत के पांच वार्डों के करीब 1500 घरों के लोग प्रभावित थे. इन क्षेत्रों के लोग मुख्य रूप से इसी जलमीनार से होने वाली पेयजल आपूर्ति पर आश्रित हैं.
मोटर खराब होने से बाधित था पेयजल की आपूर्ति
जलमीनार में लगा मोटर एक सप्ताह पूर्व तकनीकी खराबी के कारण खराब हो गया था. इसके बाद से नियमित पेयजल आपूर्ति बंद हो गई थी और लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने लगातार पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मोटर को जल्द बदलने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की.
1500 घरों में जल्द पहुंचेगा पीने का पानी
वहीं, मोटर खराब होने और करीब 1500 घरों की पेयजल आपूर्ति बाधित होने की खबर प्रभात खबर समाचार पत्र में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी. लगातार प्रयास और विभागीय अधिकारियों से संपर्क के बाद सोमवार को जलमीनार में नया मोटर लगाया गया. नया मोटर लगाए जाने से अब पांच वार्डों के करीब 1500 घरों में जल्द ही नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है. जलापूर्ति ठप रहने से परेशान लोगों ने नया मोटर लगाए जाने पर राहत की सांस ली है.
