Nawada News : श्रावणी मेला के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए पकरीबरावां के खपुरा मोड़ पर निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया. पकरीबरावां पूर्वी की जिला परिषद सदस्य बच्चन देवी और उनके पुत्र पंकज कुमार के सौजन्य से संचालित इस शिविर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नीलिमा साहू, बीडीओ मृत्युंजय कुमार, सीओ निहारिका और जिला परिषद सदस्य बच्चन देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
Sawan 2026 : अधिकारियों ने किया शिविर का निरीक्षण
उद्घाटन समारोह में प्रखंड प्रमुख रंजू कुमारी, उप प्रमुख धर्मराज सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि विनोद कुमार, पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी, धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे. अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली और इस पहल की सराहना की.
'कांवरियों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य'
डीडीसी नीलिमा साहू ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु लंबी दूरी तय कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुविधा के लिए निःशुल्क सेवा शिविर का संचालन समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए.
10 वर्षों से जारी है सेवा की परंपरा
शिविर के व्यवस्थापक एवं जिला परिषद प्रतिनिधि पंकज कुमार ने बताया कि उनके परिवार द्वारा पिछले करीब दस वर्षों से लगातार इस सेवा शिविर का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा उनके परिवार की पुरानी परंपरा है और हर वर्ष बिना किसी स्वार्थ के यह सेवा जारी रखी जाती है.
भोजन, ठहरने और मेडिकल सुविधा की व्यवस्था
शिविर में कांवरियों के ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था के साथ स्नानागार, शुद्ध पेयजल, ठंडा एवं गर्म पानी, सुबह-शाम नाश्ता, भोजन, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई गई है. आयोजकों ने बताया कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि तक यह सेवा शिविर लगातार संचालित रहेगा, ताकि बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा मिल सके.
