वन विभाग की टीम ने रजौली में चार ट्रक अवैध लकड़ी की जब्त

लकड़ी का अवैध धंधा करनेवाले माफियाओं पर कसा शिकंजा, दो नामजद

रजौली. वन प्रमंडल नवादा के रजौली में अवैध वन कटाई के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. रविवार को श्रेष्ठ कुमार कृष्ण के नेतृत्व में चलाये गये गुप्त अभियान के तहत लाखों रुपये मूल्य की चार ट्रक अवैध लकड़ी जब्त की है. इससे लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है. इस मामले में विजय यादव व सकिंदर यादव को नामजद किया गया है. वहीं, कई अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. वन विभाग ने इस बात से इन्कार नहीं किया है कि इस अवैध धंधे को बड़े-बड़े सफेदपोशों का संरक्षण प्राप्त हो सकता है़ अब जांच का दायरा उनकी ओर भी बढ़ाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने हरदिया पंचायत के पिपरा, परतौनिया, पिछली और कुंभियातरी आदि जंगली क्षेत्रों में अचानक छापेमारी की. ये गांव लंबे समय से अवैध लकड़ी कटाई के गढ़ के रूप में बदनाम रहे हैं. छापेमारी के दौरान मौके से चार ट्रक पर लदी अवैध लकड़ी जब्त की गयी. सभी लकड़ियों को ट्रैक्टर से भरकर हरदिया स्थित वन डिपो में सुरक्षित रखा गया है. जब्त की गयी लकड़ियों में मुख्य रूप से बेशकीमती सखुआ, केऊंद, चकुंदी और खैर आदि जैसी प्रजातियां शामिल हैं, जिनकी बाजार में अच्छी खासी मांग है. आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. वन विभाग की जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे वन विभाग के अधिकारी श्रेष्ठ कुमार कृष्ण ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि बड़े पैमाने पर अवैध वन कटाई चल रही है. इसमें कई लोग शामिल हैं. हमारी जांच जारी है. हमें पूरा यकीन है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कई बड़े चेहरे हैं. विजय यादव और सकिंदर यादव पर प्राथमिकी इस कड़ी की सिर्फ शुरुआत है. हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं. इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो. अधिकारियों का मानना है कि इस अवैध कटाई में स्थानीय स्तर से लेकर बड़े शहरों तक के सिंडिकेट शामिल हैं, जिन्हें राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण भी मिल सकता है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद नवादा वन प्रमंडल स्थित रजौली के जंगलों से लकड़ी चोरी करने वाले गिरोहों में खलबली मच गयी है. वन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि वह भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखेगा. ताकि, जिले के वनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके. यह कार्रवाई नवादा के वनों को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >