नवादा में तेजस कार्यक्रम में युवाओं को मिला स्टार्टअप का मंच, नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने का संदेश

Nawada News : नवादा में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में तेजस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनाना है। इस कार्यक्रम ने युवा उद्यमियों को एक मंच प्रदान किया, जहां उन्हें सरकारी योजनाओं और मेंटरशिप की जानकारी दी गई।

Nawada News : युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनाने और उनके नवाचारपूर्ण विचारों को उद्यम में बदलने के उद्देश्य से राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के सभागार में तेजस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के अंतर्गत स्टार्टअप इंडिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और स्थानीय स्टार्टअप को एक मंच मिला.

दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया कार्यक्रम का उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त नीलिमा साहू, सहायक समाहर्ता प्रिंस राज, प्राचार्य डॉ. रोशन कुमार और उद्योग विभाग की महाप्रबंधक सुजात ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. निदेशक ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े. अधिकारियों ने युवाओं को नयी सोच, मेहनत और निरंतर प्रयास के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि आने वाला समय उद्यमिता का है. जिला प्रशासन की ओर से उद्यमियों को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया गया.

स्टॉलों पर दिखा स्थानीय हुनर

कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों और स्थानीय स्टार्टअप की ओर से प्रदर्शनी लगायी गयी. प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और स्टार्टअप बिहार से जुड़े उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किये. अधिकारियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उद्यमियों से उनके व्यवसाय, सामने आ रही चुनौतियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली. स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों और युवाओं के हुनर को मंच मिलने से प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला.

संघर्ष और निरंतर प्रयास से हासिल की सफलता

कार्यक्रम में सफल उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए युवाओं को बताया कि मुकाम हासिल करने के पीछे वर्षों का संघर्ष, सीखने की प्रक्रिया और निरंतर प्रयास रहा है. उन्होंने युवाओं से असफलताओं से सीख लेते हुए अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया.

Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित

मेंटरशिप और सरकारी योजनाओं की दी गयी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उद्यमिता जागरूकता, मेंटरशिप, क्षमता निर्माण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी. तेजस कार्यक्रम के माध्यम से नवादा में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने तथा युवाओं में आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की भावना बढ़ाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने युवाओं को उपलब्ध सरकारी सहायता और योजनाओं का लाभ उठाकर अपने नवाचारपूर्ण विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया.

Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >