Nawada News: नवादा जिले के खनन विभाग ने बिना चालान और वैध परमिट के गिट्टी का परिवहन कर रहे पांच ट्रकों को जब्त किया है. जब्त वाहनों पर अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के आरोप में कार्रवाई करते हुए करीब 55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान रजौली चेकपोस्ट पर जांच के क्रम में गिट्टी लदे चार ट्रकों को जब्त किया गया. वहीं, जांच से बचकर भाग रहे एक ट्रक को नरहट थाना क्षेत्र में पकड़ लिया गया.
उन्होंने बताया कि बिना वैध परमिट और चालान के ये ट्रक झारखंड के कोडरमा से गिट्टी लोड कर बिहार के विभिन्न जिलों में ले जा रहे थे. सभी जब्त ट्रकों के विरुद्ध संबंधित थानों में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
खनन निरीक्षक के अनुसार, संशोधित खनन अधिनियम के तहत प्रत्येक ट्रक पर करीब 11 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इस प्रकार पांचों ट्रकों पर कुल लगभग 55 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है.
गौरतलब है कि झारखंड से बड़ी संख्या में गिट्टी लदे ट्रक और हाइवा प्रतिदिन बिहार के विभिन्न जिलों में प्रवेश करते हैं. खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
