नवादा न्यूज : खाली गैस सिलेंडर रहने के कारण बड़ी दुर्घटना होने से बची
नवादा/पकरीबरावां.
रसोई गैस सिलेंडर लदे वाहन में आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया. पकरीबरावां थाना क्षेत्र के राजेबिगहा गांव में इण्डेन घरेलू गैस के सिलेंडर से लदे ट्रक में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गयीं, जिससे धू-धू कर ट्रक जल कर खाक हो गया. गनीमत यह रही कि वाहन में लदे सभी गैस सिलेंडर खाली थे. अचानक लगी आग की घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मौके पर आग बुझाने की कोशिश भी की. मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया. इस घटना में किसी के भी हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है. ड्राइवर और खलासी भी सुरक्षित बच गये हैं.जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक गुलनी से गैस उतार कर खाली गैस सिलेंडर लेकर वापस लौटा था. इसी दौरान राजेबिगहा में सड़क किनारे वाहन लगाकर आराम करने लगा. अचानक सिलेंडर लदे ट्रक में आग लग गयी और देखते ही देखते आग लपटें बढ़ने लगीं. इसके बाद गांव के लोगों ने हल्ला मचाना शुरू किया. जब तक लोग आग पर काबू पाते वाहन पूरी तरह आग के आगोश में समा चुका था. वाहन में आग कैसे लगी यह साफ नहीं हो सका है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजीत कुमार मामले की जांच में जुट गये. वाहन मालिक मुरारी मोहन ने पकरीबरावां थाना में लिखित आवेदन दिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
