Nawada News: काशीचक थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर सरकारी परती जमीन से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. गिरफ्तार युवक की पहचान उपरामा थाना काशीचक निवासी शंकर कुमार मांझी, उम्र करीब 23 वर्ष, पिता रामदेव मांझी के रूप में हुई है.
शराब के नशे में कट्टा लहराने की मिली थी सूचना
पुलिस को 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि शंकर मांझी अपने रिश्तेदार के घर बिरनामा टोला भागलपुर में शराब के नशे में देशी कट्टा लहरा रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शाम में रवाना हुई. देर शाम पुलिस टीम आरोपित के घर के पास पहुंची, तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया.
ताड़ के सूखे पत्तों के नीचे छिपाया था हथियार
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, शंकर मांझी ने बताया कि 11 सितंबर को वह अपने रिश्तेदार संतोषी मांझी के घर गया था. वहां शराब के नशे में गाली-गलौज के दौरान उसके पास देशी कट्टा और कारतूस था. पुलिस के अनुसार, डर के कारण उसने हथियार और कारतूस को घर के बगल में सरकारी जमीन पर ताड़ के सूखे पत्तों के नीचे छिपा दिया था.
इसके बाद पुलिस आरोपित को साथ लेकर उसके बताये स्थान पर पहुंची. उसकी निशानदेही पर सरकारी परती जमीन से ताड़ के सूखे पत्तों के नीचे छिपाया गया देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
पांच हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात बतायी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में शंकर मांझी ने हथियार चुनचुन मांझी, पिता सिरी मांझी, निवासी उपरामा से पांच हजार रुपये में खरीदने की बात बतायी है. इस मामले में शंकर कुमार मांझी के साथ चुनचुन मांझी को भी आरोपित बनाया गया है. पुलिस ने बरामद देशी कट्टा और कारतूस जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
