सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला. क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. खासकर महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही. सुबह से लेकर दिनभर भगवान शिव की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. सुबह होते ही श्रद्धालु स्नान-ध्यान कर हाथों में पूजा की थाली, बेलपत्र, फूल, फल और जल लेकर शिवालयों की ओर पहुंचने लगे.
श्रद्धालुओं से गुलजार रहा मंदिर परिसर
मंदिर परिसर और आसपास का इलाका श्रद्धालुओं से गुलजार रहा. भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना की. इस दौरान कई शिवालयों में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. गोविंदपुर बाजार सहित आसपास के इलाकों में भी सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर विशेष चहल-पहल देखी गई. फल, फूल, बेलपत्र, दूध और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार पूजा सामग्री की खरीदारी की.
बाजार में दिखी रौनक, दुकानदारों में भी उत्साह
महिला श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की. कई श्रद्धालुओं ने सावन माह के अंतिम सोमवार का व्रत रखकर विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना की. मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए लोगों को अपनी बारी का इंतजार करते भी देखा गया. सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा. सुबह से शाम तक शिवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही. अंतिम सोमवारी के साथ ही सावन माह की शिव भक्ति और धार्मिक आस्था का यह विशेष पर्व श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया.
