नवादा में शराब के अवैध कारोबार पर कसेगा शिकंजा, डीएम ने दिये सघन जांच के निर्देश

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने शराबबंदी और कानून व्यवस्था पर सख्ती बढ़ा दी है. डीएम ने अवैध शराब के निर्माण स्थलों पर कार्रवाई और जब्त वाहनों की नीलामी में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

Liquor Prohibition: आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में विधि-व्यवस्था और मद्य निषेध को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन और किशोर श्रम निषेध समेत कई महत्वपूर्ण मामलों की विस्तृत समीक्षा की गयी. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया.

शराब निर्माण स्थलों को चिह्नित कर करें कार्रवाई

मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान उत्पाद विभाग और पुलिस विभाग की ओर से शराब बरामदगी और कार्रवाई की स्थिति की जानकारी ली गयी. समीक्षा में उत्पाद विभाग की ओर से शराब बरामदगी में वृद्धि पायी गयी, जबकि पुलिस विभाग की बरामदगी अपेक्षाकृत कम रही. इस पर डीएम ने आगामी त्योहारों को देखते हुए शराब के अवैध निर्माण, कारोबार और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया.

उन्होंने विशेष रूप से देशी शराब के निर्माण वाले स्थानों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा. साथ ही चौकीदारी परेड के माध्यम से चौकीदारों से स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं का संकलन और सत्यापन कर उसके आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

539 वाहन नीलामी के लिए लंबित

बैठक में जब्त शराब के विनष्टीकरण की भी समीक्षा की गयी. पुलिस और उत्पाद विभाग के स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए डीएम ने नियमानुसार शीघ्र विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो सके.

शराबबंदी से जुड़े मामलों में जब्त वाहनों की नीलामी की स्थिति की भी जानकारी ली गयी. बताया गया कि 10 सितंबर 2026 को 42 वाहनों की नीलामी के संबंध में विज्ञापन प्रकाशित किया जा चुका है. वर्तमान में 539 वाहन नीलामी के लिए लंबित हैं, जबकि 239 वाहनों का मूल्यांकन लंबित है. इन वाहनों को मूल्यांकन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है. डीएम ने मूल्यांकन और नीलामी की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.

सीमावर्ती थानों को विशेष चौकसी का निर्देश

आगामी त्योहारों के मद्देनजर सीमावर्ती थानों की विधि-व्यवस्था की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने को कहा. असामाजिक और अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा सूचना मिलते ही त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया गया.

बैठक में सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजौली, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी यातायात, उत्पाद अधीक्षक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >