Nawada News : नवादा जिला के नारदीगंज थाना क्षेत्र के कहुआरा डीह गांव में मंगलवार को नाली और घर का पानी गिराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि चचेरे भाई ने हमला कर मुकेश सिंह की हत्या कर दी. वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान कहुआरा डीह गांव निवासी स्व. यदुनंदन सिंह के पुत्र मुकेश सिंह के रूप में हुई है.
पानी गिराने को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, नाली और घर का पानी गिराने को लेकर मुकेश सिंह का अपने चचेरे भाई से विवाद हुआ था. दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान चचेरे भाई ने मुकेश पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश की मौत हो गयी. घटना के बाद आरोपी चचेरा भाई मौके से फरार हो गया.
हत्या की सूचना मिलते ही गांव पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही नारदीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाये और घटनाक्रम से जुड़े बिंदुओं की जांच की.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों, घटनाक्रम और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जायेगा.
