नवादा के पकरीबरावां में स्कूल के टाइमिंग पर कोचिंग पहुंच रहे बच्चे, 384 में सिर्फ 150-155 छात्र आते हैं विद्यालय; प्रधानाध्यापक ने कार्रवाई की मांग

सरकारी स्कूलों के समय में चल रहे निजी कोचिंग संस्थानों के कारण बच्चों की उपस्थिति लगातार घट रही है। प्रधानाध्यापक ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

पकरीबरावां में सरकारी विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन विद्यालय समय में संचालित हो रहे निजी कोचिंग संस्थान इन प्रयासों पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं. पकरीबरावां प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलखुंडा में नामांकित 384 छात्र-छात्राओं में प्रतिदिन महज 150 से 155 बच्चे ही विद्यालय पहुंच रहे हैं. ऐसे में बड़ी संख्या में बच्चों के विद्यालय से अनुपस्थित रहने को लेकर विद्यालय प्रशासन चिंतित है. विद्यालय में कुल 10 शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं, जिनमें छह शिक्षक और चार शिक्षिकाएं शामिल हैं. शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद बच्चों की कम उपस्थिति से नियमित पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है. विद्यालय प्रशासन का कहना है कि विद्यालय अवधि में ही क्षेत्र में कई निजी कोचिंग संस्थानों के संचालन के कारण छात्र विद्यालय आने के बजाय कोचिंग में पहुंच रहे हैं.

गांव-गांव जाकर अभिभावकों को किया जागरूक

प्रधानाध्यापक मनोज कुमार राहुल ने बताया कि बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विद्यालय के शिक्षकों ने कई बार गांव-गांव जाकर अभिभावकों से संपर्क किया. उन्हें बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया. इसके बावजूद उपस्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.

प्रधानाध्यापक ने की प्रशासन से कार्रवाई की मांग

प्रधानाध्यापक ने जिला प्रशासन से विद्यालय संचालन के समय निजी कोचिंग संस्थानों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि विद्यालय अवधि में कोचिंग संस्थानों के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई होने से बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ सकती है. इससे सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल बेहतर होगा और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति भी सुनिश्चित की जा सकेगी.

सरकार लगातार प्रयास कर रही है

विद्यालय प्रशासन का कहना है कि सरकार सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. ऐसे में विद्यालय समय में कोचिंग संस्थानों का संचालन शिक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहा है. प्रशासन से इस मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विश्वनाथ कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >