Nawada News : जिले में भूमि एवं संपत्ति के निबंधन को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. शनिवार को जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला निबंधन कार्यालय की कार्यकारिणी समिति (स्कोर) की बैठक आयोजित हुई. बैठक में बिहार निबंधन नियमावली, 2026 के तहत प्रस्तावित पेपरलेस निबंधन व्यवस्था और उससे जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
3 अगस्त से रजौली में शुरू होगी नई व्यवस्था
बैठक में अवर निबंधक पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में निबंधन प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस बनाया जा रहा है. इसकी शुरुआत 3 अगस्त से अवर निबंधन कार्यालय, रजौली में होगी. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नई व्यवस्था के सफल संचालन के लिए सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं.
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी होम रजिस्ट्री की सुविधा
बैठक में बताया गया कि 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके तहत पात्र बुजुर्गों को संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए कार्यालय नहीं आना होगा. निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके घर जाकर निबंधन की कार्रवाई पूरी की जाएगी.
सीमांकन और नागरिक सुविधाओं पर दिया गया जोर
जिलाधिकारी ने वारिसलीगंज, हिसुआ और नवादा सदर के अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के पेरिफेरल मौजों का सीमांकन कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही निबंधन कार्यालय में नागरिक सुविधाओं और आरटीपीएस सेवाओं को अधिक सरल, सुगम एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. बैठक में उप विकास आयुक्त, अवर निबंधक पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
