Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana: पंजाब नेशनल बैंक, गोविंदपुर शाखा के शाखा प्रबंधक रानू कुमार के प्रयास से वर्षों पहले मृत महिला के आश्रित को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये की बीमा राशि प्राप्त हुई. खाते में राशि पहुंचने के बाद मृतका के पति अमोद कुमार के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी. उन्होंने बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया.
खाते की जांच में सामने आयी बीमा योजना की जानकारी
बताया जाता है कि तेतरिया गांव निवासी रेणु कुमारी का गोविंदपुर बैंक में खाता था. उनका निधन वर्ष 2021 में हो गया था. बीते 7 सितंबर को उनके पति अमोद कुमार पंजाब नेशनल बैंक की गोविंदपुर शाखा में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि की जानकारी लेने पहुंचे थे.
इसी दौरान शाखा प्रबंधक रानू कुमार ने उनके खाते की जांच की. जांच में पता चला कि रेणु कुमारी का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा हुआ था, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी.
तीन दिनों में खाते में पहुंची दो लाख रुपये की राशि
शाखा प्रबंधक ने अमोद कुमार को आवश्यक दस्तावेज, आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा. दस्तावेज मिलने के बाद 10 सितंबर को बीमा क्लेम की प्रक्रिया शुरू की गयी. बैंक कर्मियों के प्रयास से महज तीन दिनों के अंदर 13 सितंबर को मृतका के आश्रित के खाते में दो लाख रुपये की राशि पहुंच गयी.
शाखा प्रबंधक रानू कुमार ने बताया कि इस कार्य में बैंक के डिप्टी मैनेजर रंजीत कुमार का भी सराहनीय योगदान रहा.
436 रुपये सालाना प्रीमियम पर मिलता है जीवन बीमा
शाखा प्रबंधक ने कहा कि बैंक ग्राहकों को सरकार की विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी जरूर रखनी चाहिए. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत सालाना 20 रुपये के प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा का लाभ मिलता है. वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत सालाना 436 रुपये के प्रीमियम पर बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर दो लाख रुपये की बीमा राशि का प्रावधान है.
बच्चों के भविष्य में काम आयेगी राशि
मृतका के पति अमोद कुमार ने बताया कि उन्हें अपनी पत्नी के बीमा के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी का निधन वर्ष 2021 में ही हो गया था. उनकी दो छोटी पुत्रियां हैं, जिनमें एक की उम्र छह वर्ष और दूसरी की सात वर्ष है.
उन्होंने कहा कि मिली दो लाख रुपये की राशि बच्चों के भविष्य में काफी काम आयेगी. अमोद कुमार ने बैंक मैनेजर और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया.
