Nawada News : अकबरपुर प्रखंड के नेमदारगंज बाजार स्थित देवी मंदिर में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना को लेकर मंगलवार से 24 घंटे के अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया. प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित अखंड कीर्तन की शुरुआत स्थानीय मुखिया उदय कुमार यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर की.
भक्ति गीतों से गूंजा मंदिर परिसर
अखंड कीर्तन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. झाल-मंजीरे और भक्ति गीतों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की. श्रद्धालुओं के आने-जाने से दिनभर मंदिर परिसर में चहल-पहल बनी रही. आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.
सुख-शांति और समृद्धि के लिए हर साल होता है आयोजन
मुखिया उदय कुमार यादव ने कहा कि क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष देवी मंदिर में अखंड कीर्तन का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से लोगों में आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक एकता मजबूत होती है. उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
अखंड कीर्तन में वीरेंद्र गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, उमेश पासवान, सत्येंद्र रविदास, रविंद्र गोस्वामी, सुरेंद्र गोस्वामी, सर्जी देवी, सुनीता देवी, चंदू देवी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
