नवादा. सामर्थ्य फाउंडेशन फॉर स्पेशल एजुकेशन की ओर से मंगलवार को प्रखंड के तेयार गांव स्थित काली मंदिर प्रांगण में दिव्यांगता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में तेयार गांव और आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक ग्रामीण शामिल हुए. इनमें 10 वर्ष से कम आयु के 10 से अधिक बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे.
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई. फाउंडर कुमार आनंद, सेक्रेटरी सोनिला सचिन, चीफ पैटर्न सतीश कुमार सिन्हा, विनोद कुमार सिन्हा और एकेडमिक डायरेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित किया.
इसके बाद दिव्यांगजनों, बच्चों, अभिभावकों और उपस्थित ग्रामीणों को दिव्यांगता से संबंधित जागरूकता, विशेष एवं समावेशी शिक्षा, प्रारंभिक पहचान, पुनर्वास, सरकारी योजनाओं, सहायक उपकरणों तथा उपलब्ध सहायता के संबंध में जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया.
जरूरतमंद बच्चों का मौके पर किया गया पंजीकरण
शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों और अन्य लाभार्थियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण किया गया. विभिन्न प्रकार की सहायता, सहायक उपकरण, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर तथा अन्य आवश्यकताओं से संबंधित प्रपत्र भी प्राप्त किये गये.
आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद भेजे जायेंगे दस्तावेज
फाउंडेशन की सेक्रेटरी सोनिला सचिन ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों और दस्तावेजों की स्क्रूटनी की जायेगी. पात्र और पूर्ण आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, नवादा को भेजा जायेगा.
इसके बाद सामर्थ्य फाउंडेशन संबंधित मामलों का नियमित फॉलोअप भी करेगा, ताकि पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सहायता से जोड़ने में सहयोग मिल सके.
सरकारी योजनाओं तक पहुंच बनाने में सहयोग उद्देश्य
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि संस्था का उद्देश्य केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना ही नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं, शिक्षा, पुनर्वास, सहायक उपकरणों और संबंधित विभागों तक पहुंचने में व्यावहारिक सहयोग प्रदान करना भी है.
