Nawada News : रजौली स्थित भीमराव अंबेडकर छात्रावास सह विद्यालय में पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. छात्रावास से निष्कासित 16 छात्रों ने अन्य 19 छात्रों के साथ नवादा समाहरणालय से पटना के आर ब्लॉक तक धरना-प्रदर्शन किया था. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सह अतिरिक्त सचिव गौतम पासवान ने जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार के साथ छात्रावास का दौरा कर मामले की गहन जांच की.
दोनों पक्षों से ली गई जानकारी
जांच के दौरान अतिरिक्त सचिव ने दोनों पक्षों की दलीलों को गंभीरता से सुना. उन्होंने छात्रावास में रह रहे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अलग-अलग बातचीत कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली. हालांकि, जांच प्रक्रिया को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है. अधिकारी अपनी रिपोर्ट सीधे विभाग को सौंपेंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जिला परिषद अध्यक्षा भी पहुंचीं छात्रावास
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद अध्यक्षा पुष्पा देवी भी छात्रावास पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की स्थिति पर चर्चा की.
राजनीतिकरण की कोशिशों पर प्रशासन सख्त
जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार ने कहा कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ लोग इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगा.
निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सही पाए जाएंगे, उसी के आधार पर न्यायसंगत और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य मामले का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है.
Also Read : नवादा का 'गूगल मैन', एक बार नाम बताइए और सुनिए अधिकारियों की पूरी जानकारी
