बांटने के आया 101 इ-रिक्शा व पांच सौ सोलर चरखा व दो सौ सिलाई मशीन रह गयी धरी की धरी
नरहट : पटना में शनिवार की शाम हुए नाव हादसा के बाद सांसद आदर्श गांव खनवां में रविवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का कार्यक्रम स्थगित हो गया. रविवार को खनवां में केंद्रीय मंत्री सोलर चरखा प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का उद्घाटन करने आ रहे थे. इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने भोजपुरी के महान गायक व भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी का भी आगमन होना तय था. लेकिन, नाव हादसे के कारण खनवां में दुल्हन की तरह सजा सोलर चरखा प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र व सभा मंच सजा धजा रह गया. कोई कार्यक्रम नहीं हो पाया. मौके पर लोगों के बीच बांटने के लिए आया 101 इ-रिक्शा व पांच सौ महिलाओं को मिलनेवाला सोलर चरखा व सिलाई मशीन धरी की धरी रह गयी. ट्रेनिंग प्राप्त करनेवाली महिलाओं को चरखा दिया जाना था.
ट्रेनिंग प्राप्त करनेवाली महिलाओं को कंपनी की तरफ से साड़ी भेट की गयी थी. सभी को कार्यक्रम में नये साड़ी पहन कर आने को कहा गया था. सभी महिलाएं एक रंग की साड़ी में नये लुक में नजर आ रही थी. लेकिन कार्यक्रम स्थल पर आने के बाद हादसे वाली खबर ने सभी को उदास कर दिया. प्रधानमंत्री के निर्देश पर स्थानीय सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रोग्राम स्थगित करने की घोषणा की. पटना में नाव हादसे में मरे लोगों की आत्मा की शांति के लिए कार्यक्रम स्थल पर एक मिनट का मौन रखा गया. इस मौके पर हिसुआ विधायक अनिल सिंह, एमडी विजय पांडेय, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष संतोष सिंह, पूर्व अध्यक्ष संजय सिंह उर्फ मांगो सिंह, संतोष सिंह, पंकज कुमार मुन्ना, विकास कुमार समेत तमाम हरित खादी सोलर चरखा विभाग से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाएं व अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
