नवादा सदर : उत्पाद विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी झारखंड से शराब पीकर आने व शराब लाने की घटनाओं में कमी नहीं आयी है. प्रतिदिन वाहनों की जांच के दौरान काफी लोग शराब के साथ पकड़े भी जा रहे हैं. इसके बाद भी झारखंड से बिहार शराब लाने का क्रम जारी है. सोमवार की रात भी उत्पाद विभाग की टीम ने समेकेतिक जांच चौकी पर दो अलग-अलग वाहनों में तलाशी लेकर 23 बोतल अंगरेजी शराब के साथ दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है.
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश के निर्देश पर हुई जांच के दौरान सब इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद साकेत ने बताया कि एक बस में जांच के दौरान 13 बोतल अंगरेजी शराब के साथ रजौली चेकपोस्ट पर बस में डोरंडा रांची का परमीत गुरुन व दूसरे बस से 10 बोतल अंगरेजी शराब के साथ नालंदा जिले के खेतलपुरा निवासी मुरारी सिंह को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार दोनों युवक को उत्पाद अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया.
इस दौरान सब इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद साकेत, जमादार हरि चौधरी, जमादार विष्णु देव यादव के साथ ही काफी संख्या में सैप व होमगार्ड के जवान मौजूद थे. परमीत गुरुन ने बताया कि सीतामढ़ी में उसके पिता सरकारी कर्मचारी हैं. शराब नहीं मिलने से उनकी स्थिति बिगड़ती जा रही है. वह अपने पिता के लिए झारखंड से शराब ले जा रहा थे और जांच के दौरान ही पकड़ा गया.
