पहल. रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर में शुरू हुआ सौंदर्यीकरण कार्य
सर्कुलेटिंग एरिया में लगाया जायेगा टाइल्स
नवादा : किऊल-गया रेलखंड पर स्थित नवादा स्टेशन का अपना एक महत्व हैं. इधर, रेलखंड के दोहरीकरण सहित विद्युतीकरण की घोषणा के बाद से विकास के काम में तेजी आयी हैं. इसी चरण में स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा हैं. स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शेडिंग, चेकर्स टाइल्स, टॉयलेट, यूरिनल सहित आधारभूत सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा हैं. प्लेटफॉर्म पर काम अंतिम चरण में हैं. नये वर्ष में यात्रियों को नये लुक के साथ स्टेशन परिसर नजर आयेगा. इसी कड़ी में स्टेशन परिसर स्थित बाहरी क्षेत्र में पुराने लोहे की फेंसिंग हटा कर नये सिरे से निर्माण कार्य शुरू किया गया हैं.
आइओडब्ल्यू तारकेश्वर प्रसाद ने बताया कि पिछले महीने दानापुर मंडल के डीआरएम आरके झा ने निरीक्षण के दौरान बाहरी परिसर में पेवमेंट पर ब्लॉक्स लगाने के साथ ही फूल पौधे लगा कर सौंदर्यीकरण का आदेश दिया गया. यात्रियों की सुविधा के लिए परिसर में पेवमेंट पर ब्लॉक्स लगा कर एक नया लुक दिया जा रहा हैं. लेकिन, अतिक्रमणकारियों द्वारा निर्मित पार्क को गंदा कर दिया जाता हैं. इससे प्रबंधन के साथ यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं. परिसर में फिर से नये सिरे से काम कराया जा रहा हैं. इसकी देखभाल रेलवे के सुरक्षाबलों द्वारा किया जायेगा. अतिक्रमणकारियों व असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़-फोड़ करने पर उनको चिह्नित करके कार्रवाई की जायेगी.
