हिसुआ के तुंगी जेवर व्यवसायी ने राष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों से लगायी गुहार
तीन बार डकैती के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई, प्रशासन करे मदद या दे प्रदेश छोड़ने की अनुमति
हिसुआ : हिसुआ के तुंगी बाजार के जेवर व्यवसायी जितेंद्र कुमार ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित आला अधिकारियों, जिला प्रशासन व स्थानीय अधिकारियों से प्रदेश छोड़ने का त्राहिमाम पत्र भेज रहे हैं. तुंगी स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान गणपति ज्वेलर्स में 2003 से लेकर अब तक तीन बार चोरी व डकैती की घटना हुई है, लेकिन अब तक न तो कोई पकड़ा गया है
और न ही सामान की बरामदगी हुई है. जितेंद्र कुमार का कहना है कि मामले दर्ज होते हैं, लेकिन मामलों पर कार्रवाई नहीं होती. केवल कागजी खानापूर्ति होती है. कोई न पकड़ा जाता है न सामान बरामद. 2003, 2007 और इस बार 2016 में चोरी की बड़ी घटना हुई. तीनों मामले थाने में दर्ज किये गये, लेकिन कुछ नहीं हो रहा है.
गौरतलब है कि इसी 28 नवंबर को दुकान में शटर काट कर सोना-चांदी, नगद सहित जेवरों की चोरी हुई थी. 29 नवंबर को थाने में मामला दर्ज किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. तीन बार की घटना के बाद जीवन के प्रति निराशा है. त्राहिमाम पत्र में प्रशासन से पूंजी प्रदान करने या नौकरी प्रदान करने की गुहार लगायी है. यदि यह भी नहीं होता है तो पूरे परिवार को जीवन से मुक्ति या प्रदेश छोड़ देने की अनुमति प्रदान करने की मांग की है.
