सुविधा नहीं रहने से बस पड़ाव व स्टेशन पर दुबके रहे यात्री
अलाव की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी
नवादा सदर : तापमान का पारा कम होने से लोगों की मुश्किलें तेज हो रही हैं. बाजार के साथ-साथ बस पड़ाव व रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को ठंड के कारण काफी परेशानी हो रही है. मंगलवार से तेज ठंड के कारण पारा प्रतिदिन कम हो रहा है. गुरुवार को पूरे दिन लोगों को भगवान भास्कर का दर्शन नहीं हो पाये. कनकनी व शीतलहर भरी हवाओं के झोंके से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. शहर के बस पड़ाव पर भी यात्रियों के लिए ठंड से बचाव का कोई इंतजाम नहीं किया गया है. विभिन्न गंतव्य स्थल पर जाने के लिए लोगों की भीड़ बस पड़ाव व रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली. स्टैंड व स्टेशन पर ठंड से बचाव के लिए प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किया गया. हालात यह रहा कि सभी लोग वाहनों के इंतजाम में घंटों पड़ाव पर दुबके रहे. यात्री शेड में भी ठंड से बचाव का इंतजाम नहीं था और न ही अलाव की व्यवस्था की गयी थी.
घने कोहरे के कारण वाहनों का परिचालन बाधित : गुरुवार की अहले सुबह घने कोहरे के कारण सड़क मार्ग व रेल मार्ग के वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा. ट्रेन दो घंटे से अधिक समय विलंब से चली. यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा. शहर के पार नवादा स्थित बस पड़ाव पर भी यात्रियों के लिए सुविधाएं नहीं रहने से लोगों को लोगों को परेशानी हुई. कोहरे के कारण कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन काफी विलंब से हुआ. कोहरे के कारण रजौली में यात्रियों से भरी एक बस खड्डे में पलट गयी,जिससे कई यात्री घायल हो गये.
खुले में करते वाहनों का इंतजार
शहर के कई स्थानों पर बने वैध व अवैध वाहन पड़ावों पर यात्री सुविधा नहीं रहने के कारण यात्रियों को खुले में खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है. सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग यात्रियों को होती है,जिन्हें बस पड़ाव पर बैठने की भी सुविधा नहीं मिल पाती है. तीन नंबर बस पड़ाव हो या फिर भगत सिंह चौक स्थित बस पड़ाव, सभी जगह यात्रियों की सुविधा का ख्याल नहीं रखा जाता है.
