नवादा सदर : शनिवार को पार नवादा गांधी नगर स्थित प्राची फार्मा दवा दुकान में जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच की गयी. औषधि निरीक्षक डॉ संजीव कुमार ने दुकान की जांच के दौरान विक्रय पंजी का अवलोकन किया. कई दवाओं का सैंपल जांच के लिए अपने साथ ले गये. औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान प्रतिष्ठान की सभी लाइसेंस की कॉपी पायी गयी. प्रतिष्ठान चलानेवाली रूपलता देवी भी स्वयं उपस्थित पायी गयी. फ्रीज में रखने योग्य कोई दवा नहीं मिली.
क्रय-विक्रय से संबंधित सभी बिल अप-टू-डेट पाये गये. जांच के क्रम में औषधि निरीक्षक ने सभी स्टॉक की जांच करने के साथ ही दो दवाओं को जांच के लिए अपने साथ ले गये. प्राची फार्मा की रूपलता देवी, जिमाल्या ड्रग कंपनी के संचालक व नवादा जिला दवा विक्रेता संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश कुमार राय की पत्नी हैं. कुछ लोगों द्वारा प्राची फार्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी,इसके आलोक में छापेमारी की गयी. औषधि निरीक्षक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि जांच की रिपोर्ट जिलाधिकारी व विभाग को भेजी जायेगी.
