पूजा को लेकर बन रहे पंडालों पर प्रशासन की नजर
अग्निशमन व अन्य सुरक्षा पर पूजा समिति भी सजग
नवादा सदर : दुर्गापूजा व मुहर्रम का त्योहार साथ-साथ होने पर पुलिस और प्रशासन की धड़कन तेज हो गयी है. पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार बैठकों का दौर जारी है.
पूजा को लेकर बनाये जा रहे पंडालों पर भी पुलिस प्रशासन की नजर है. पूजा में सुरक्षा को लेकर सभी पंडालों में सीसीटीवी लगाने व अग्निशमन की व्यवस्था रखने की बात कही गयी. नवादा के पुलिस कप्तान विकास बर्मन ने शहर में पूजा को लेकर बनाये जा रहे पंडालों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा की दृष्टिकोण का पालन करने का भी निर्देश दिया. सड़क पर बनाये जा रहे पंडालों की ऊंचाई अग्निशमन व एंबुलेंस वाहन के पार होने तक बनाये रखने का निर्देश दिया. 11 अक्तूबर को विजयादशमी और 12 अक्तूबर को मुहर्रम होने के कारण प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. पूजा के दौरान अश्लील व भड़काऊ गीत संगीत पूरी तरह बंद रखने की बात कही गयी है.
थानेदारों को दिये गये निर्देश : पुलिस कप्तान विकास बर्मन ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को पूजा व मुहर्रम को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश देने के साथ ही संवेदनशील इलाकों में बन रहे पंडाल व ताजिये पर भी नजर रखने का निर्देश दिया है. एसपी ने दोनों त्योहारों की महत्ता को देखने हुए माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों की सूची पहले से ही तैयार करने की बात कही है. पिछले पांच वर्षों के दौरान पूजा व मुहर्रम के दौरान हुई कोई भी घटनाओं के मद्देनजर वैसे इलाकों में चौकसी बरतने का भी निर्देश दिया गया है. मंगलवार को एसपी ने धमौल थाने का निरीक्षण कर संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने की बात कही है.
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि पूजा व मुहर्रम के दौरान अश्लील व भड़काऊ गाने पर पूरी तरह रोक लगाएं. इसके बाद भी असर नहीं हुआ तो पूजा कमेटी के लाइसेंसी और डीजे वाले के खिलाफ सीधे एफआइआर दर्ज कराएं. पूजा के दौरान ऐसा कोई भाषण भी न हो जिससे की दूसरे की भावना को ठेस लगे. ऐसे भाषणों पर भी नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
सादे लिबास में शहर में चौकसी करेंगे सुरक्षा बल : एसपी ने कहा कि जिले में दुर्गापूजा व मुहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है. इस अभियान में लोगों का सहयोग जरूरी है. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान लोगों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पर सादे लिबास में सुरक्षा बल चौकसी बरतेंगे. किसी भी तरह की घटना को रोकने के लिए ऐसे जवान हर सभंव प्रयास करेंगे.
