कई जगह बिना नक्शे के ही बनाये जा रहे मकान
नवादा(सदर) : शहर में पिछले छह माह से बिना नक्शा पास कराये भवन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. बिना नक्शा के मकान बनाये जाने से भविष्य में किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है. नगर पर्षद में पिछले चार माह पूर्व ही 13 आर्किटेक्चरों का चयन किया गया था. दो माह बाद उन्हें नियोजित भी किया गया. इधर, अब तक नगर पर्षद में नये भवन का निर्माण के लिए नक्शा पास करने का काम नहीं हो पा रहा है. नगर पर्षद में पहले कार्यरत दो कनीय अभियंता ही नक्शा बनाने व पास करने का काम करते थे. काम के बढ़ते दबाव के बाद नगर पर्षद ने नक्शा बनाने व पास करने के लिए 13 आर्किटेचरों को चयन किया है.
बैंक से नहीं मिल रहा लोन : नगर पर्षद द्वारा नक्शा पास नहीं होने के कारण बैंक से लोन पास कराने में भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है. बैंक से लोन नहीं मिलने के कारण कई लोगों का घर नहीं बन रहा है. बैंक बिना नक्शा के लोन नहीं देती है .
धड़ल्ले से बन रहे बिना नक्शे के मकान : नगर पर्षद द्वारा नक्शा नहीं बनाने व पास नहीं होने के कारण लोग बिना नक्शा के ही घर बना रहे हैं. इस दिशा में नगर पर्षद भी कोई करवाई नहीं कर पा रहा है. शहर के विभिन्न मुहल्लों में धड़ल्ले से मकान बनाने का काम किया जा रहा है. न तो अग्निशमन विभाग के निर्देशों को पालन किया जा रहा है और न ही नगर पर्षद की ओर से कोई करवाई की जा रही है. प्राइवेट इंजीनियरों द्वारा भी बनाये गये नक्शा को भी नगर पर्षद द्वारा पास नहीं किया जा रहा है. नगर पर्षद की इस व्यवस्था से घर बनाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
क्या कहते हैं अधिकारी
नगर पर्षद में 13 आर्किटेक्चरों को रखा गया है. जल्द ही इनके द्वारा नक्शा बनाने व पास करने का काम किया जायेगा. बिना नक्शा के मकान बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
कृष्ण मुरारी,कार्यपालक पदाधिकारी
नगर पर्षद, नवादा
