तीन दिनों में एक दर्जन लोगों पर दर्ज की गयी एफआइआर
पुलिस ने सिरदला, हिसुआ व गोविंदपुर में जब्त किये तीन ट्रैक्टर
नवादा (सदर) : पर्यावरण प्रदूषण को लेकर नेशनल ग्रीन ट्यूब्नल की ओर से 10 फरवरी से जिले में बालू के उत्खनन पर लगाये गये रोक के बाद से ही खनन विभाग व स्थानीय पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी है.
विभाग की ओर से अवैध उत्खनन करनेवालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है. विभाग ने तीन महीनों के भीतर लगभग 50 लाख से अधिक राजस्व की वसूली बतौर फाइन के रूप में की है. विभाग ने सात दिन में आठ दर्जन से अधिक ट्रैक्टर व ट्रक संचालकों के खिलाफ अवैध बालू उत्खनन के मामले में एफआइआर भी दर्ज करायी है. विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई के बाद भी जिले के लगभग 20 से 30 घाटों पर बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. विभाग व पुलिस की कार्रवाई का डर भी ऐसे लोगों को नहीं रोक पा रहा है.
खनन विभाग ने वृहद कार्रवाई करते हुए तीन दिनों में जिले के छह थानों में एक दर्जन बालू के अवैध उत्खनन के मामले दर्ज कराये हैं. खनन विभाग ने मामले दर्ज कराने के साथ-साथ तीन थाना क्षेत्रों से अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर को भी जब्त किया है.
आकोल, गोविंदपुर, हिसुआ, सिरदला व नरहट थाना क्षेत्रों में अवैध बालू उत्खनन कर ले जाने के दौरान 12 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करायी है. साथ ही सिरदला, हिसुआ व गोविंदपुर में बालू लदे एक-एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई के बाद भी अवैध उत्खनन करने वाले बाज नहीं आ रहे है. विभाग ने अब तक तीन महीनों के दौरान सौ से अधिक लोगों के खिलाफ अवैध बालू उत्खनन से संबंधित एफआईआर दर्ज करायी है. साथ ही ऐसे अवैध उत्खनन करने वालों से विभाग में 50 लाख से अधिक की वसूली की है.
