नवादा (सदर) : विगत एक वर्ष पहले ग्राहकों के लिए एटीएम सेवा की शुरुआत करने की घोषणा मध्य बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा की गयी थी. परंतु एक वर्ष बीतने के बाद भी जिले में कहीं भी मध्य बिहार ग्रामीण बैंक की एटीएम नहीं लग पायी है. इसके कारण मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहकों को दूसरे बैंकों की एटीएम पर निर्भर रहना पड़ रहा है. घोषणा के अनुरूप बैंक में ग्राहकों के बीच एटीएम कार्ड का वितरण तो कर दिया, परंतु बैंक की एटीएम नहीं लगाये जाने से ग्राहकों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है.
बैंक प्रबंधन ने एक वर्ष पहले ही किये गये घोषणा के अनुसार जिले भर में एक साथ 22 एटीएम मशीन लगाने की बात कही थी. परंतु एक साल के बाद भी एक एटीएम भी नहीं लग पायी है.
ग्राहकों को हो रही आर्थिक क्षति
नेशनलाइज बैंकों की तरह मध्य बिहार ग्रामीण बैंक में भी ग्राहकों को एटीएम सेवा का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकतर ग्राहकों को एटीएम कार्ड जारी कर दिया है. एटीएम कार्ड प्राप्त ग्राहक दूसरे बैंकों की एटीएम से अपने रुपये निकाल पाते हैं.
परंतु तीन बार के बाद जैसे ही ट्रांजेक्शन की जाती है, संबंधित एटीएम की बैंक द्वारा मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहक के खाते से शुल्क राशि काट ली जाती है. कई बार तो ऐसे प्राइवेट बैंकों की एटीएम द्वारा मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहकों का कार्ड रिजेक्ट कर दिया जाता है. ऐसी परिस्थिति में एटीएम के भरोसे रहने वाले ग्राहकों को काफी परेशानी होती है. ऐसे में ग्राहक बैंक को कोसते नजर आते है.
22 एटीएम लगाने की घोषणा
पिछले एक साल पहले मध्य बिहार ग्रामीण बैंक ने अन्य बैंकों की तरह ग्राहकों को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में प्रथम चरण में 22 एटीएम लगाने की घोषणा की थी. परंतु एक भी एटीएम नहीं लग पायी. एटीएम मशीन के बदले ग्राहकों को एटीएम कार्ड ही मिल पाया.
