नवादा (सदर) : वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए नगर पर्षद में शहर में होर्डिंग्स से राजस्व वसूली करने के लिए पांच लाख 32 हजार रुपये में बंदोबस्ती हुई. शहर के राजू कुमार नामक व्यक्ति ने सबसे अधिक बोली लगाकर एक वर्ष के लिए होर्डिंग्स से वसूली करने का ठेका प्राप्त किया है.
होर्डिंग्स की बंदोबस्ती के लिए नगर पर्षद में 14 आवेदन प्राप्त हुए थे. इसमें आवासीय प्रमाण-पत्र नहीं रहने के कारण एक आवेदन को निरस्त कर दिया गया. नगर पर्षद के मुख्य पार्षद इजहार रब्बानी की अध्यक्षता में आयोजित बंदोबस्ती में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण मुरारी ने सबसे अधिक बोली लगाने वाले राजू कुमार के नाम यह निविदा की. निर्धारित समय से शुरू हुई बंदोबस्ती में एक लाख 50 हजार रुपये सरकारी दर निर्धारित की गयी थी. इसके बाद धीरे-धीरे बोली लगाने वाले पांच लाख 32 हजार तक पहुंच गये.
कई बोली लगाने वाले बीच में ही विड्रो कर लिया. इस वर्ष नगर पर्षद को पिछले वर्ष की तुलना में लगभग पौने चार लाख रुपये अधिक आमदनी हुई है. गौरतलब हो कि पिछले साल मात्र एक लाख 60 हजार रुपये में ही छह महीनों के लिए होर्डिंग्स टैक्स वसूलने की बंदोबस्ती की गयी थी.
इस वर्ष एक साल के लिए पांच लाख 32 हजार रुपये में बंदोबस्ती हुई है. बंदोबस्तधारी राजू कुमार एक अप्रैल 2016 से 31 मार्च 2017 तक नगर पर्षद क्षेत्र में लगाये गये बोर्ड, होर्डिंग्स, बैनर, चलंत प्रचार वाहन आदि से नगर पर्षद द्वारा निर्धारित रुपये के अनुसार टैक्स वसूलने का निर्देश दिया गया है. गौरतलब हो कि इससे पूर्व विजय कुमार के नाम से बंदोबस्ती थी.
परंतु बोली में पिछड़ जाने के कारण इस बार दूसरे को बंदोबस्ती दी गयी. इस मौके पर नगर पर्षद के उप मुख्य पार्षद सरोज सिंह, प्रधान सहायक राजेंद्र प्रसाद, सिटी मैनेजर राजेश कुमार आदि मौजूद थे.
