तीन दिन तक करेंगे क्षेत्र का दौरा
नवादा (कार्यालय) : स्थानीय सांसद व केंद्रीय सूक्ष्म व लघु-मध्यम उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह शनिवार को अपने तीन दिवसीय दौरा पर नवादा पहुंच रहे हैं. इस दौरान वे जिला में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. स्थानीय जन समस्याओं के समाधान को लेकर जिले के अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करेंगे. मंत्री इस दौरान संसदीय क्षेत्र के बरबीघा विधानसभा का भी दौरा करेंगे.
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गत रविवार को मन की बात कार्यक्रम में आदर्श ग्राम खनवां की एक जागरूक महिला साधना देवी के भेजे खत की चर्चा की. इसके बाद आम लोगों में सांसद की कार्यशैली व परिवेश से जुड़ी रोजगारपरक योजनाओं के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है. बताया जाता है कि मंत्री इसके अतिरिक्त ओढ़नपुर गांव के एक युवक अमित कुमार के माध्यम से सोहजन की खेती और इसके माध्यम से पशुचारा बनाने के प्लांट लगवा कर भी प्रोत्साहित किया है. बताया जाता है कि खनवां में चलाया जा रहा सोलर चरखा के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास हुआ है. गांव में इन दिनों 95 सोलर चरखा के माध्यम से महिलाएं अर्थ उपार्जन कर खुद को सशक्त कर रही हैं. मंत्री इस योजना को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की मुहिम में भी जुट रहे हैं.
इधर,अमित कुमार के सोहजन की खेती को भी बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किये गये हैं. अमित के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के लिए मथुरा और गुजरात भेजा जा चुका है. बताया जाता है कि इसके माध्यम से बेरोजगार युवकों को बड़े स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है.
