जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में डीएम ने दिये कई निर्देश
नवादा (नगर) : जिला पदाधिकारी मनोज कुमार ने कार्यालय कक्ष में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक कर खरीफ व रबी डीजल अनुदान, प्रखंडवार वर्षापात का आकलन, आनेवाले गरमी के मौसम को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था, खाद्य की उपलब्धता, पान अनुदान, नलकूप व गव्य विकास आदि कि व्यापक समीक्षा की.
उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी बीडीओ को पत्र लिख कर खरीफ व डीजल अनुदान के वितरण संबंधी पूर्ण प्रतिवेदन मांग करें. साथ ही रबी डीजल अनुदान के संबंध में प्राप्त आवेदनों के आलोक में अब तक क्या कार्रवाई की गयी. उसकी पूर्ण विवरणी प्राप्त करें. उन्होंने कहा कि इसमें शिथिलता व लापरवाही बरतनेवाले बीडीओ पर जाबवदेही तय करें. बैठक में अनुपस्थित कार्यपालक अभियंता पीएचइडी सहित कई अधिकारियों से स्पष्टीकरण का निर्देश डीएम द्वारा दिये गये. मत्स्य विभाग के समीक्षा के क्रम में डीएम ने कहा कि अनुदान पर बनाये जानेवाले तालाबों की सूची के अनुसार उसका भौतिक सत्यापन जिला कृषि पदाधिकारी करेंगे. गौरतलब हो कि आधा एकड़ भूमि पर तालाब का निर्माण किया जाता है जिसमें सरकार द्वारा एक लाख 35 हजार का अनुदान है.
गव्य विकास के समीक्षा के क्रम में जिला गव्य पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि गायों के खरीद पर अनुदान हेतु जिले को एक करोड़ 71 लाख 41 हजार की राशि प्राप्त हुई है. गव्य पदाधिकारी ने बताया कि सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अनुदान है. वहीं, अनुसूचित जाति व जनजाति के लिए 75 प्रतिशत अनुदान है.
उनके द्वारा यह भी बताया गया कि जिले में इसके लिए पहले से ही आवेदन प्राप्त कर लिए गये हैं. पुराने आवेदनों पर विचार करने के बाद ही नये आवेदन प्राप्त किये जायेंगे. प्राप्त आवेदनों को जांच कर लाभुकों का साक्षात्कार चयन समिति द्वारा किया जायेगा तथा चयन उपरांत अनुदानित राशि सीधे लाभुकों के खाते में जमा किया जायेगा. उक्त बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निर्देशक आत्मा अश्विनी कुमार, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई संत कुमार सिंह, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी व जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी आदि उपस्थित थे.
