शुक्रवार को भी दो दवा दुकानों पर मारे छापे
चार दवाओं के लिये सैंपल
नवादा (सदर) : स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर जिले भर में चलाये गये छापेमारी अभियान का सिलसिला लगातार जारी है. शुक्रवार को भी ड्रग्स विभाग के अधिकारियों ने दो दवा दुकानों में छापेमारी कर 35 प्रकार की दवाओं को जब्त किया, जिसका कोई कागजात नहीं था. साथ ही चार वैसी दवाओं की जांच के लिए सेंपल लिया गया, जिस पर सरकार ने रोक लगा रखी है.
ड्रग इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता व सत्यनारायण प्रसाद ने मेन रोड स्थित सुनील मेडिकल व नायक गली गोला रोड स्थित विकास फार्मा में छापेमारी कर बगैर कागजात के कई दवाओं को जांच के बाद जब्त किया.
ड्रग इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री व डीएम के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान में सफलता मिल रही है. शुक्रवार को सुनील मेडिकल में जांच के दौरान 23 वैसी दवाओं को जब्त किया गया, जिसका खरीद से संबंधित कोई कागजात नहीं था. उन्होंने बताया कि गोला रोड के विकास फार्मा में भी छापेमारी के दौरान 12 दवाएं जब्त किया गया. दो दवाओं का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है.
विभाग की इस कार्रवाई से दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया है. इधर, दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार राय ने सिविल सर्जन को भेजे पत्र में छापेमारी का विरोध किया है. पत्र में कहा है कि दवा दुकानों का लाईसेंस रिन्यूवल व नये लाईसेंस के लिए काफी परेशानी हो रही है.
ब्रजेश कुमार राय ने कहा है कि विभाग पहले दवा दुकानदारों लाईसेंस रिन्यूवल करे, फिर बाद में छापेमारी. ऐसा नहीं होने पर जिले भर की सभी दवा दुकानों को बंद करा दिया जायेगा. उससे भी नहीं होगा तो उच्च न्यायालय दरवाजा खटखटाया जायेगा.
