हिसुआ : अच्छे दिन तो उनके आये जिनके आते रहते हैं. गरीबों, शोषितों व किसानों के अच्छे दिन नहीं आये़ किसानों की स्थिति और भी बदतर हुई़ यह बातें पूर्व विधायक व कम्युनिस्ट नेता गणेश शंकर विद्यार्थी ने गुरुवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर आयोजित धरना, प्रदर्शन व घेराव कार्यक्रम को संबांधित करते हुए कहीं.
बिहार राज्य किसान सभा की हिसुआ अंचल शाखा की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था. नरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि ज्वलंत मुद्दों के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी़ किसानों के हित के लिए केवल घोषणाएं हैं. किसानों की समस्या जस की तस बनी हुई है़ हमें और आंदोलन तेज करना होगा़ सभा के जिला मंत्री रामयतन सिंह ने कहा कि नवादा अतिपिछड़ा जिला है़
यहां सिंचाई का कोई साधन नहीं है़ कई सालों से लगातार सूखा पड़ रहा है, लेकिन सरकार संज्ञान नहीं लेती़ जातिवादी व परिवारवादी शक्तियों की वजह से प्रदेश व जिला दोनों का अहित हो रहा है़ बुनियादी समस्याओं पर सरकार की नजर नहीं भ्रष्टाचार, अराजकता, अफसरशाही बढ़ते जा रहा है़ हमें इसके लिए एकजूट होकर संघर्षशील रहना है़
अन्य वक्ताओं राम कुमार चौहान, विंदेश्वरी प्रसाद यादव, प्रखंड सचिव विजय प्रसाद सिंह, अध्यक्ष बालेश्वर प्रसाद सिंह, उमेश प्रसाद, चंद्रिका वर्मा, महेश्वरी सिंह, राजू कुमार आदि ने संबोधित किया़
मौके पर अच्छी संख्या में किसान व कार्यकर्त्ता उपस्थित थे़ किसानों की समस्याओं सहित हिसुआ क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं का 19 सूत्री ज्ञापन बीडीओ को प्रतिनिधि मंडल ने दिया़ क्षेत्रीय व तुरंत निष्पादित होने वाली मांगों को जल्द पूरा करने व शेष को विभागों व उच्च अधिकारियों तक अग्रसारित करने की मांग की़
