नवादा (नगर) : पत्नी की शिकायत पर अपहृत बंधुआ मजदूरों को नरहट पुलिस ने सासाराम के जमुआर गांव स्थित ईंट भट्ठे से बरामद किया. कोर्ट पहुंचे बंधुआ मजदूर बालदेव चौहान व इनके दो बेटों योगेश चौहान व करण चौहान ने बताया कि वह पहले नरहट थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर काम करते थे.
वहां, पकरीबरावां के उलटैन असमा गांव के ठेकेदार विनोद चौहान, रवि चौहान, कन्हाई चौहान के अंडर में काम करना पड़ता था. काम करने से मना करने पर हमलोगों को जबरदस्ती उत्तरप्रदेश गोरखपुर के पास मुंजरी गांव में बने ईंट भट्ठे में काम के लिए रखा गया. वहां हमारे साथ मारपीट होती थी मजदूरी भी नहीं दिया जाता था.
किसी प्रकार से वहां से जान बचा कर भागे व यहां आकर सासाराम के जमुआर गांव के ईंट भट्ठे में परिवार के साथ काम कर रहे हैं. पत्नी मिंता देवी ने कहा कि जब उनके पति तीन-चार माह पहले अचानक गायब हो गये, तो उन्होंने नरहट थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी.
लेकिन, पति व बेटों के वापस लौटने के बाद थाने में इसकी जानकारी नहीं दी थी. अपहरण की इस शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन ने सक्रियता दिखा कर आरोपित बनाये गये विनोद चौहान व रवि चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अपहृत बाप-बेटे की बरामदगी पुलिस द्वारा कर लिये जाने के बाद इस कांड में नया मोड़ आ गया है.
