* नवादा से जा रही छात्रों की पर्यटन बस दुर्घटनाग्रस्त
* सभी छात्र बीएचयू अस्पताल में भरती
नवादा : सदर प्रखंड स्थित कादिरगंज आंती इंटर उच्च विद्यालय के बच्चे भ्रमण के लिए यूपी जा रहे थे. इस दौरान कैमूर जिले के मोहनिया थाने के देवरिया गांव के समीप जीटी रोड पर पर्यटन बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इससे बस में सवार दसवीं कक्षा के 30 बच्चे घायल हो गये. इनमें दो छात्र व एक शिक्षिका की हालत गंभीर है.
सभी घायलों को बीएचयू अस्पताल (यूपी) में भरती कराया गया है. विद्यालय के धर्मदेव पासवान ने बताया कि बच्चों के साथ प्रधानाध्यापक ब्रजभूषण पांडेय भी घायल हुए हैं, परंतु उक्त अस्पताल में सभी बच्चों को छोड़ कर वह नवादा चले आये. उन्होंने डीएम से घायल बच्चों को बेहतर इलाज कराने की मांग की.
उन्होंने कहा कि छात्र विपिन पासवान, अजय पासवान व शिक्षिका ममता शर्मा की स्थिति काफी नाजुक है. सभी को ऑक्सीजन लगा हुआ है. गौरतलब है कि यूपी के विद्यालय की ओर से दसवीं के बच्चों को भ्रमण के लिए बुलाया गया था. रविवार को विद्यालय परिसर से शाम आठ बजे पप्पू ट्रैवल्स नामक बस से छात्र–छात्राएं यूपी के लिए रवाना हुए. इसी दौरान मोहनिया के पास बस एक ट्रक से टकरा गयी और सभी बच्चे जख्मी हो गये.
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को वाराणसी ले जाया गया. डीएम आदेश तितरमारे ने बताया कि घायलवस्था में बच्चे वाराणसी अस्पताल में भरती हैं. वहां के डीएम से बात कर उनका बेहतर इलाज कराया जायेगा. जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा.
